औरंगाबाद (बिहार): रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने रविवार, 31 मई 2026 को अपने जिला मुख्यालय स्थित आवास पर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इस दौरान एक पीड़ित महिला अपने परिजनों के साथ घरेलू विवाद के समाधान की मांग लेकर विधायक के पास पहुंची। महिला और उसके परिवार के सदस्य चाहते थे कि माननीय विधायक उनके पारिवारिक विवाद का ऐसा समाधान कराएं जिससे सभी लोग आपसी सहमति और खुशी के साथ अपना नया मकान बना सकें।
दोनों पक्षों की बात ध्यान से सुनने के बाद विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि यह महिला भी आपके ही परिवार का हिस्सा है और इस समय इसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में यदि आप इससे एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं तो यह रकम जुटाना इसके लिए आसान नहीं होगा। विधायक ने सुझाव दिया कि महिला को कम से कम छह महीने का समय दिया जाए ताकि वह किसी तरह व्यवस्था कर सके।
उन्होंने यह भी कहा कि मकान निर्माण के लिए जो अनुमानित खर्च दिखाया जा रहा है, उसमें सीमेंट, बालू, छड़ और अन्य सामान का खर्च उठाना भी महिला के लिए मुश्किल होगा। इसलिए परिवार को सलाह दी गई कि महिला से केवल ईंट के खर्च में आधी राशि यानी 30 हजार रुपये ही लिए जाएं और भुगतान के लिए छह महीने का समय दिया जाए।
बैठक के दौरान विद्यालय की जमीन की नापी से जुड़ा मामला भी सामने आया। इस पर विधायक ने कहा कि आज के समय में स्कूल के लिए जमीन दान करने वाले लोग बहुत कम हैं। लेकिन दुख की बात यह है कि जिन लोगों ने पहले विद्यालय के लिए अपनी जमीन दान की थी, उनकी जमीन पर भी कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक बात है और उन्हें भी इसका अफसोस है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि मदनपुर प्रखंड के बेरी पंचायत, मदनपुर और पिपरौरा समेत विवादित विद्यालय भूमि की जल्द नापी कराई जाएगी।
इसके अलावा भी कई लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी बात सुनकर विधायक ने उचित सहायता और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
जनसमस्याएं सुनने के बाद विधायक प्रमोद कुमार सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकल पड़े। सबसे पहले उन्होंने मदनपुर प्रखंड की उत्तरी उमगा पंचायत के हरि बिगहा गांव पहुंचकर भोला भुइयां के पुत्र के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
इसके बाद दक्षिणी उमगा पंचायत के पिछुलिया गांव में स्वर्गीय सुखाडी सिंह भोगता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसी क्रम में उन्होंने स्वर्गीय सुखाडी सिंह भोगता के छोटे भाई और युगेश सिंह भोगता के पूज्य पिताजी के श्राद्ध कर्म में भी शामिल होकर श्रद्धांजलि दी।
मदनपुर प्रखंड की नीमा ऑजन पंचायत के आंजन गांव में विधायक ने योगेंद्र सिंह के बड़े भाई के निधन पर उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। वहीं विकास सिंह के पुत्र के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और हिम्मत बनाए रखने की अपील की।
आंजन गांव के ही दिलीप सिंह के बड़े भाई के निधन पर विधायक ने उनके परिवार से मिलकर गहरी संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बेरी पंचायत के घोरहट गांव में रितेश सिंह के पिता के निधन पर भी विधायक उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
इसी तरह पिरथू पंचायत के पिरथू गांव में स्वर्गीय सूरज देव भुइयां के उस पुत्र के परिवार से भी मुलाकात की, जो टोला सेवक के रूप में कार्यरत था और विद्युत करंट लगने से उसका असामयिक निधन हो गया था। विधायक ने परिवार को हिम्मत बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
चेई नवादा पंचायत के बासा बिगहा गांव में अयोध्या सिंह की धर्मपत्नी के निधन पर भी उन्होंने परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।
दिनभर विधायक प्रमोद कुमार सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों का दौरा करते रहे तथा लोगों के सुख-दुख में शामिल होते रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने सुनी जनसमस्याएं, क्षेत्र में पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात
