औरंगाबाद (बिहार) : बुधवार, 24 जून 2026 को रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के पूर्व लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह और वर्तमान जदयू विधायक सह समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई विभिन्न दुखद घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया, दिवंगतों के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
स्वर्गीय उमेश यादव के परिजनों से मिले मनोज कुमार सिंह
पूर्व लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह सबसे पहले कासमा थाना क्षेत्र के भटकुरहा गांव निवासी स्वर्गीय उमेश यादव के रफीगंज स्थित वार्ड संख्या-16, आर.बी.आर. हाई स्कूल के पास बने आवास पर पहुंचे।
उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की, दिवंगत के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सड़क हादसे में हुई थी उमेश यादव की मौत
जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 की रात करीब 10:50 बजे उमेश यादव (37 वर्ष) की होंडा शाइन एस.पी. मोटरसाइकिल की टक्कर एक स्कॉर्पियो वाहन से हो गई थी। इस सड़क हादसे में उनकी असामयिक मौत हो गई।
स्वर्गीय उमेश यादव रफीगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। वह पत्रकार पप्पू यादव के ममेरे भाई भी थे।
चिरैला गांव पहुंचकर श्राद्ध कार्यक्रम में हुए शामिल
इसके बाद मनोज कुमार सिंह बघौरा पंचायत के चिरैला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने वर्तमान पंचायत मुखिया गुड़िया देवी के प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह के चाचा स्वर्गीय राम सुचित सिंह के श्राद्ध कर्म में भाग लिया।
उन्होंने दिवंगत के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान उनके साथ लोजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार दास तथा सुबोध कुमार भी मौजूद रहे।
विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि
रफीगंज के वर्तमान जदयू विधायक सह समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह भी बुधवार को चिरैला गांव पहुंचे। उन्होंने मुखिया प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने पूर्व पैक्स अध्यक्ष स्वर्गीय राम सुचित सिंह, जो लगभग दो दशकों तक बघौरा पंचायत में लगातार इस पद पर रहे, के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी।
धावा नदी हादसे के पीड़ित परिवार से भी मिले विधायक
मां और दो मासूम बच्चों की मौत पर जताया गहरा दुख
इसके बाद प्रमोद कुमार सिंह कासमा स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास अरथुआ में धावा नदी पहुंचे, जहां पानी में डूबने से 30 वर्षीय सोनी देवी, उनकी 3 वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय रानी कुमारी की मौत हो गई थी।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
घटना की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
इस दुखद घटना पर विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि एक मां अपने बच्चों के बेहतर भविष्य, सुरक्षा और पालन-पोषण के लिए हर संभव प्रयास करती है। ऐसे में महिला द्वारा अपने दो बच्चों के साथ यह कदम उठाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीण पारिवारिक प्रताड़ना की आशंका जता रहे हैं। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई दोषी हो तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
विधायक ने इस हृदय विदारक घटना की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत महिला और दोनों बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
अर्जुन महतो के परिवार से भी की मुलाकात
इसके बाद विधायक प्रमोद कुमार सिंह कजपा पंचायत के जाखिम गांव पहुंचे, जहां अर्जुन महतो के पुत्र के निधन की सूचना मिलने पर उन्होंने उनके घर जाकर परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
