औरंगाबाद ( बिहार ) : शुक्रवार, 03 जुलाई 2026 को औरंगाबाद के रमेश प्रसाद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से पूर्व सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश प्रसाद सिंह की 107वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने की, जबकि संचालन ट्रस्ट के संयुक्त सचिव अरुण कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत रमेश चौक, औरंगाबाद स्थित रमेश प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान मौजूद वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा कि रमेश बाबू बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा स्थल का और अधिक सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।
वहीं नगर परिषद के चेयरमैन ने कहा कि पूर्व सांसद रमेश प्रसाद सिंह के जीवन और उनके कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि समाज उनके आदर्शों से परिचित हो सके।
जिला विधिज्ञ संघ, औरंगाबाद के पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश प्रसाद सिंह गरीब मुवक्किलों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को उनके जीवन और कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने कहा कि औरंगाबाद में शिक्षा की अलख जगाने में रमेश प्रसाद सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह कई शिक्षण संस्थानों से जुड़े रहे और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने कहा कि ट्रस्ट के सचिव प्रमोद कुमार सिंह के इस वर्ष निधन से हम सभी गहरे दुख में हैं। उन्होंने सर्वसम्मति से साकेत कुमार को ट्रस्ट का नया सचिव नियुक्त करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट की ओर से औरंगाबाद में गौमाता को चारा खिलाने के लिए 11 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
नवनियुक्त सचिव साकेत कुमार ने कहा कि उनकी संस्था पहले की तरह आगे भी समाज सेवा के कार्य पूरी निष्ठा के साथ करती रहेगी और लोगों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेगी।
अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि इस अवसर पर रमेश चौक को विशेष रूप से सजाया गया था। उन्होंने कहा कि बहुआरा, बारुण का नाम रोशन करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश प्रसाद सिंह का नाम लेकर आज भी युवा अधिवक्ता खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं।
महावीर जैन ने कहा कि औरंगाबाद का हृदय स्थल माना जाने वाला रमेश चौक हमेशा जिले के लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना रहेगा।
कार्यक्रम में विशाल जैन, अमित कुमार चंपक, शिवनारायण सिंह, गुप्तेश्वर सिंह, मदन प्रसाद, जय किशोर सिंह, प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह, कुंदन कुमार माथुर, प्रोफेसर विनोद कुमार सिंह, कृष्ण कुमार पिंटू, रामजी प्रसाद, प्रोफेसर रविन्द्र सिन्हा, मिथलेश कुमार, विपीन सिन्हा, विजय प्रसाद, ज्ञानेश्वर सिंह, जितेन्द्र कुमार, विजय प्रसाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
