औरंगाबाद: बनिया पंचायत में महीनों से खराब पड़े सरकारी चापाकलों को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज़

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): मदनपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि मदनपुर प्रखंड की बनिया पंचायत के कई गांवों में भीषण गर्मी के बावजूद सरकारी चापाकल महीनों से खराब पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की पेयजल संबंधी घोषणाएं केवल कागज़ों तक सीमित हैं, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।

उन्होंने बताया कि बनिया मध्य विद्यालय में लगा सरकारी चापाकल लंबे समय से खराब है। इसकी वजह से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पानी पीने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संजीव कुमार सिंह ने कहा कि बनिया गांव में बुढ़वा महादेव मंदिर के पास लगा सरकारी चापाकल भी महीनों से बंद पड़ा है। इसके अलावा डीलर के पास और विनय सिंह के घर के समीप लगा सरकारी चापाकल भी लंबे समय से खराब है।

उन्होंने आगे बताया कि शिवा बिगहा महादलित टोला में इंद्रदेव भुईयां के घर के पास लगा सरकारी चापाकल भी महीनों से बंद है। वहीं रानी कुआं शिव मंदिर के पास लगा सरकारी चापाकल भी काफी समय से खराब पड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह कई बार कनीय अभियंता को मोबाइल पर सूचना दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे पहले भी वह जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवेदन देकर खराब चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग कर चुके हैं।

संजीव कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को उन्होंने एक बार फिर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, औरंगाबाद के कार्यपालक अभियंता को ईमेल के माध्यम से आवेदन भेजकर बनिया पंचायत के सभी खराब सरकारी चापाकलों की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *