औरंगाबाद में राजद स्थापना दिवस समारोह: भरत तिवारी एनकाउंटर, जीतन राम मांझी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर ऋषि कुमार का बड़ा बयान

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): रविवार, 05 जुलाई 2026 को नगर भवन, औरंगाबाद में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ओबरा विधानसभा क्षेत्र संख्या-220 के पूर्व राजद विधायक एवं पूर्व केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री डॉ. कांति सिंह के पुत्र ऋषि कुमार ने मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया।

संवाददाता ने सबसे पहले उनसे भोजपुर जिले के बिलौटी गांव निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले पर सवाल किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिस डीएसपी पर आरोप लगे हैं और जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है, उन्हें बिहार सरकार द्वारा प्रमोशन दिए जाने को लेकर आपका क्या कहना है?

इस पर ऋषि कुमार ने कहा कि वह मीडिया के ज़रिए कहना चाहते हैं कि आज बिहार में सिर्फ़ एक भरत तिवारी नहीं है। भरत तिवारी की शहादत के साथ अब हजारों-लाखों भरत तिवारी खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी उनके क्रांतिकारी भाई हैं और लोकतांत्रिक तरीके से वोट की ताकत के ज़रिए सरकार से जवाब भी मांगेंगे और उसे मात भी देंगे।

इसके बाद संवाददाता ने उनसे पूछा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बयान दिया था कि बिहार पुलिस ने सही किया है। इस पर आपका क्या कहना है?

इस सवाल के जवाब में ऋषि कुमार ने कहा कि मांझी जी ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था मज़बूत कर ली है और अपने परिवार का भविष्य भी सुरक्षित कर लिया है। उन्होंने कहा कि बेटा मंत्री है, समधन मंत्री हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी सांसद बन चुके हैं। उनके मुताबिक अब वह नहीं चाहते कि उनके आसपास बना सुरक्षा कवच बिखरे, इसलिए वह सरकार की चापलूसी करने में लगे रहते हैं।

इसके बाद संवाददाता ने आगामी 09 जुलाई 2026 को रफीगंज प्रखंड के बलिगांव में प्रस्तावित बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम को लेकर सवाल किया।

इस पर ऋषि कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का जिले में स्वागत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आएं, ज़मीन पर उतरें और यहां की समस्याओं को समझें। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका एक ही कार्यक्रम है कि लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को गाली दो और सत्ता की मलाई काटो। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने काम किया है तो औरंगाबाद जिले के लिए अपनी कोई एक उपलब्धि बता दे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसे प्रचार करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिले में आएं, समस्याओं का समाधान करें और यदि ऐसा नहीं कर सकते तो चाय पीकर वापस चले जाएं।

ऋषि कुमार ने कार्यक्रम के दौरान संवाददाता के कई अन्य सवालों के भी जवाब दिए।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल ने इस वर्ष अपना 29वां स्थापना दिवस मनाया और पार्टी अब अपने 30वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है।

कार्यक्रम में रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के पूर्व राजद प्रत्याशी डॉ. गुलाम शाहिद, गोह विधानसभा क्षेत्र संख्या-219 के राजद विधायक एवं राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुशवाहा, राजद नेता शंकर यादव, इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष रफीगंज योगेंद्र यादव, अनिल टाइगर, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, रमेश यादव, राजद नेत्री रूपा पासवान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *