पीएनबी अंबा शाखा पर लोन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, पीड़ित ने महाप्रबंधक से की जांच की मांग

Share this News

औरंगाबाद (बिहार)। अंबा थाना क्षेत्र के देवरा गांव निवासी संजय कुमार सिंह ने पंजाब नेशनल बैंक, औरंगाबाद के महाप्रबंधक को लिखित शिकायत देकर अंबा शाखा के शाखा प्रबंधक और हरेंद्र कुमार नामक एक कथित दलाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।

शिकायत में संजय कुमार सिंह ने कहा है कि पीएमएफएमई (PMFME) योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर शाखा प्रबंधक और हरेंद्र कुमार ने उनसे पहले ही कमीशन के तौर पर 1 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उनके बचत खाता संख्या 0982000100876232 से बिना उनकी जानकारी और सहमति के 1 लाख 15 हजार रुपये भी निकाल लिए गए।

पीड़ित का आरोप है कि लोन की प्रक्रिया के दौरान उनसे पहले ही चेक संख्या 084221 पर हस्ताक्षर कराकर एक ब्लैंक चेक भी ले लिया गया था।

उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि सबसे हैरानी की बात यह है कि उनके नाम पर 18 फरवरी 2026 को लोन स्वीकृत किया गया और 19 फरवरी 2026 को खाता संख्या 098200 SGO-0000351 में 9 लाख रुपये जमा कर दिए गए। उनका कहना है कि उन्होंने न तो किसी मशीन का कोटेशन मांगा था और न ही ऐसी कोई मांग की थी, इसके बावजूद उनके घर पर आटा चक्की और तेल मिल की मशीन भेज दी गई।

संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि 19 फरवरी 2026 को उनके बचत खाते से बैंक ने एक लाख रुपये मार्जिन मनी के नाम पर भी काट लिए। उनका कहना है कि शाखा प्रबंधक और कथित दलाल हरेंद्र कुमार ने आपसी मिलीभगत से उनके साथ धोखाधड़ी की और उनके खाते में जमा राशि का गबन कर लिया।

पीड़ित ने पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य महाप्रबंधक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, वित्तीय गड़बड़ी की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाने की अपील की है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *