औरंगाबाद (बिहार): मां मुंडेश्वरी ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन, बिहार भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं समाजसेवी गोपाल शरण सिंह की ओर से आयोजित किसान सम्मान समारोह सह ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम में महिंद्रा ट्रैक्टर के बिहार हेड बलबीर चौधरी भी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों को संबोधित करते हुए बलबीर चौधरी ने महिंद्रा कंपनी के सफर और किसानों के साथ उसके जुड़ाव के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कंपनी की शुरुआत करीब 40 वर्ष पहले हुई थी और आज लाखों किसान इसके साथ जुड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि महिंद्रा का पहला ट्रैक्टर वर्ष 1962 में आया था। इसके बाद कंपनी ने समय के साथ तकनीक और आधुनिक जरूरतों के मुताबिक अपने ट्रैक्टरों में बदलाव किए और नए मॉडल बाजार में उतारे। उन्होंने दावा किया कि महिंद्रा दुनिया में सबसे अधिक ट्रैक्टर बेचने वाली कंपनियों में शामिल है।
बलबीर चौधरी ने कहा कि कंपनी केवल अपने उत्पाद नहीं बेचती, बल्कि किसानों के बीच अपने भरोसे को भी मजबूत करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ लंबे समय से बने इस रिश्ते को आगे भी कायम रखने की कोशिश जारी रहेगी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने देश में कृषि के पुराने दौर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय अमेरिका से भारत में मोटा अनाज आयात किया जाता था, जिसे लेकर लोगों में ज्यादा पसंद नहीं थी। उसी दौर में देश में ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया गया था और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कई प्रयास शुरू हुए।
उन्होंने कहा कि इसी दौर में महिंद्रा ट्रैक्टर की नींव भी पड़ी और कंपनी ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा आगे बढ़ाई। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद किसानों को भरोसा दिलाया कि कंपनी भविष्य में भी उनकी जरूरतों के मुताबिक काम करने और अपने भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करती रहेगी।
कार्यक्रम में किसानों की बड़ी मौजूदगी रही और इस दौरान सम्मान समारोह के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी आयोजन किया गया।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
