औरंगाबाद में किसानों के बीच पहुंचे पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर बीके सिंह, शिक्षा और अधिकारों पर दिया जोर

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): मां मुंडेश्वरी ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन, बिहार भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं समाजसेवी गोपाल शरण सिंह की ओर से मंजूराही स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में उनके निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर बी.के. सिंह अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

मंच से किसानों को संबोधित करते हुए बी.के. सिंह ने सबसे पहले कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा नौकरी करते हुए बिताया है, लेकिन किसानों के बीच आने वाला हर व्यक्ति मंच से किसानों की समस्याओं और उनके हितों की बात करता है।

उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति को लेकर बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन जब उन्हें वास्तव में सहयोग की जरूरत होती है, तब उनके साथ खड़ा होने वाला हर कोई नजर नहीं आता। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों को लेकर जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर अपनी आवाज मजबूती से उठाने की बात कही।

बी.के. सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा को भी खास महत्व दिया। उन्होंने किसानों से कहा कि शिक्षा ऐसी पूंजी है, जो इंसान के जीवन को बेहतर दिशा देने में मदद करती है। इसलिए माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाकर आगे बढ़ने का अवसर दें।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षित बनाना जरूरी है, क्योंकि शिक्षा से बच्चों में अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझने की क्षमता विकसित होती है। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर समय आने पर अपनी आवाज जरूर उठाएं।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी रही और पूर्व पुलिस अधिकारी का संबोधन मुख्य रूप से शिक्षा, किसान हित और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर केंद्रित रहा।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *