औरंगाबाद, बिहार | 30 सितंबर 2026: जनता दल यूनाइटेड के देव प्रखंड कार्यालय में बुधवार को ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल, नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जदयू के देव प्रखंड अध्यक्ष बृजेश सिंह ने की।
बैठक में जिला मुख्यालय से पहुंचे जदयू जिला प्रवक्ता रवि सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह, रामानुज सिंह और बीरेंद्र सिंह, जिला महासचिव जितेंद्र सिंह चंद्रवंशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जीविका कार्यक्रम और संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
जिला प्रवक्ता रवि सिंह राजपूत ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 2 अक्टूबर को प्रस्तावित जीविका कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा करना और पार्टी के संगठन को और मजबूत करना था। बैठक में संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसी दौरान देव प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के नवनियुक्त पंचायत अध्यक्षों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही प्रखंड के विभिन्न प्रकोष्ठों में भी जदयू के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
पवन कुमार सिंह बने प्रखंड प्रवक्ता
संगठन को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पवन कुमार सिंह को सर्वसम्मति से देव प्रखंड जदयू का प्रवक्ता चुना गया। इस मौके पर नवनियुक्त पंचायत एवं प्रखंड पदाधिकारियों के साथ पवन कुमार सिंह को भी बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
जिला उपाध्यक्ष रामानुज सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नई टीम में ऊर्जावान साथियों के शामिल होने से संगठन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी और सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने का लिया संकल्प
देव प्रखंड जदयू अध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और सक्रियता पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व प्रमुख एवं जिला उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला महासचिव बीरेंद्र सिंह, जिला महासचिव जितेंद्र सिंह, मुख्तार जी, शशि भूषण पाठक, सुरेश बारी, सुनील मेहता, अश्मित कुमार सहित प्रखंड और जिला स्तर के कई नेता एवं सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ-साथ संगठन को पंचायत स्तर तक और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
