नई दिल्ली: जैन आरोग्य नेचुरोकेयर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से योग गुरु डॉ. अनिल जैन के अध्यक्षत्व में नई दिल्ली स्थित जोधपुर ऑफिसर्स हॉस्टल, उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, भारत सरकार, इंडिया गेट में निःशुल्क आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प गतिविधियों के अंतर्गत किया गया। स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में सुदर्शन न्यूज़ के सीएमडी श्री सुरेश चव्हाणके तथा उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री अंशुमान डे, IFoS की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वास्थ्य मेले में हुई विभिन्न जांच और चिकित्सकीय परामर्श
स्वास्थ्य मेले में प्रतिभागियों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और वेलनेस सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप एवं नाड़ी की जांच, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और हीमोग्लोबिन जांच के साथ लिवर एवं किडनी फंक्शन टेस्ट शामिल रहे।
इसके अलावा बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), नेत्र एवं दंत जांच, स्त्री रोग संबंधी परामर्श, आहार एवं पोषण संबंधी सलाह तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को निवारक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
समर्पित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान
स्वास्थ्य मेले का विशेष आकर्षण चिकित्सकों एवं सहयोगी स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान रहा। स्वास्थ्य मेले में अपना बहुमूल्य समय, विशेषज्ञता और सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान, समर्पित सेवाओं और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता के लिए अवार्ड एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान ने स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने तथा प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. अनिल जैन ने स्वस्थ जीवनशैली पर दिया जोर
इस अवसर पर योग गुरु एवं जैन आरोग्य नेचुरोकेयर वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने निवारक स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य जांच, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, चिकित्सा विशेषज्ञों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया तथा उनकी समर्पित सेवाओं की सराहना की।
भारत सरकार के कर्मचारियों और परिवारों ने लिया हिस्सा
स्वास्थ्य मेले में भारत सरकार के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन “सेवा, स्वास्थ्य और जन कल्याण” की भावना को समर्पित रहा।
जैन आरोग्य नेचुरोकेयर वेलफेयर सोसाइटी ने समाज के व्यापक हित में भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा कार्यक्रम, निवारक स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न सामाजिक कल्याण गतिविधियां लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
