बसडीहा पैक्स का विवाद खत्म, अध्यक्ष श्वेता रॉय और कार्यकारिणी सदस्यों के बीच बनी सहमति

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): बसडीहा पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय और कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के बीच पिछले कुछ समय से चल रहा विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है। गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को बसडीहा प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड केंद्र में आयोजित विशेष बैठक के दौरान सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई।

यह विशेष बैठक जिला सहकारिता पदाधिकारी के पत्रांक 4056, दिनांक 3 नवंबर 2026 के निर्देश के आलोक में आयोजित की गई थी। बैठक में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (बीसीओ) विभा कुमारी मौजूद रहीं। बैठक की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय ने की। इस दौरान कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य भी उपस्थित हुए और बैठक की उपस्थिति पंजी पर अपने-अपने हस्ताक्षर किए।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय और कार्यकारिणी सदस्यों के बीच विवाद चल रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए गए थे। कार्यकारिणी के कुछ सदस्यों ने अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधि मोनू कुमार सिंह के खिलाफ जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी थी।

कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा- अब मिलकर चलाएंगे पैक्स

विशेष बैठक समाप्त होने के बाद संवाददाता ने कार्यकारिणी समिति के सदस्य अरुणजय सिंह, वीरेंद्र यादव, वीरेंद्र सिंह, कन्हाई भगत, ममता देवी, कृष्णा राम और इसराज कुंवर से बातचीत की। उनसे पूछा गया कि जब आप लोगों ने पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय के खिलाफ जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी, तो क्या अब दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है?

इस पर सभी सदस्यों ने कहा कि हां, अब वे पैक्स अध्यक्ष के साथ मिल गए हैं और सभी समस्याओं का समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि आज से सभी लोग अध्यक्ष के साथ मिलकर आपसी तालमेल के साथ पैक्स का कामकाज बेहतर तरीके से चलाएंगे।

जब संवाददाता ने सदस्यों से पूछा कि पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय और उनके प्रतिनिधि मोनू कुमार सिंह पर लगाए गए आरोप सही थे या गलत, तो सदस्यों ने जवाब दिया कि कुछ आरोप सही थे और कुछ गलत।

इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि कौन-से आरोप गलत थे और कौन-से सही, तो उन्होंने कहा कि दोनों तरह की बातें थीं। आपसी बातचीत के बाद सभी मुद्दों को मिलाकर समझौता कर लिया गया है।

पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, पैक्स अध्यक्ष श्वेता रॉय ने भी संवाददाता के सवालों का जवाब देते हुए अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि आज सभी सदस्यों के साथ आपसी सुलह हो गई है। अब कोई विरोध नहीं है और सभी सदस्य उनके साथ हैं।

बीसीओ विभा कुमारी ने क्या कहा?

बैठक में मौजूद सहकारिता प्रसार पदाधिकारी विभा कुमारी ने पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि जिला सहकारिता कार्यालय को एक कार्यकारिणी सदस्य की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिना कोरम पूरा किए ही प्रस्ताव पारित कर दिया गया और उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए।

उन्होंने बताया कि जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को बसडीहा पैक्स में कार्यकारिणी समिति की विशेष बैठक बुलाई गई थी। बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्य उनके सामने उपस्थित हुए। इससे जाहिर होता है कि बैठक में कोरम पूरा था।

जब संवाददाता ने उनसे पूछा कि कार्यकारिणी सदस्यों की ओर से उनके खिलाफ भी आरोप लगाए गए थे, लेकिन आज बैठक में सभी सदस्य मौजूद हैं और वह खुद भी उपस्थित हैं, तो इस पर विभा कुमारी ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।

उन्होंने कहा कि वह अभी अपने वास्तविक कार्यस्थल पर मौजूद हैं और जिन कार्यकारिणी सदस्यों ने शिकायत की थी, वे सभी बैठक में उपस्थित हुए। उनके द्वारा पहले की गई शिकायत और आरोप भी वापस ले लिए गए हैं।

विभा कुमारी ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी सब कुछ सकारात्मक रहेगा और पैक्स का कामकाज आपसी सहयोग से आगे बढ़ेगा। इस तरह बसडीहा पैक्स अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के बीच चल रहा विवाद आपसी सहमति के बाद समाप्त हो गया है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *