अरवल: स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार हत्याकांड का जल्द हो सकता है खुलासा, पेशेवर शूटरों के शामिल होने का शक

Share this News

अरवल, बिहार (12 नवंबर 2026): अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र में ढोंढरा मोड़ के पास हुए स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है। कुर्था पुलिस इस मामले की जांच में लगातार जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

गौरतलब है कि बीते 5 नवंबर को मोतीपुर बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर कुर्था लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार की ढोंढरा मोड़ के पास अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में घटना को लेकर काफी नाराजगी देखी गई थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।

एसपी ने गठित की विशेष जांच टीम

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए अरवल के पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख जाधब ने विशेष जांच टीम का गठन किया है। टीम के सदस्य घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी, इसकी साजिश कहां रची गई और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े संभावित संपर्कों और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी या हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पेशेवर शूटरों के शामिल होने की आशंका

पुलिस की जांच में इस आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है कि वारदात को किसी पेशेवर शूटर ने अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोली मारने का तरीका इस ओर इशारा करता है कि इसमें पेशेवर शूटर शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर इस वारदात को शूटरों ने अंजाम दिया, तो उन्हें किसने सुपारी दी और हत्या के पीछे किसका हाथ है?

इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस की टीम दिन-रात जांच में जुटी हुई है। टीम घटना से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से खंगाल रही है और मामले में किसी भी संभावित कड़ी को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्याकांड के रहस्यों से पर्दा उठ सकता है।

मृतक की पत्नी के आवेदन पर एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

इस मामले में मृतक की पत्नी की ओर से कुर्था थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है। आवेदन के आधार पर एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस शिकायत को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस गंभीरता से काम कर रही है। क्षेत्र के लोगों और मृतक के परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और उन्हें कानून के शिकंजे में लाएगी।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *