औरंगाबाद: सुशासन दिवस की तैयारी को लेकर जदयू की बैठक, मंत्री लेशी सिंह समेत दोनों विधायकों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

औरंगाबाद के बारुण प्रखंड की जनकोप पंचायत में सुशासन दिवस की तैयारी बैठक में मंत्री लेशी सिंह, विधायक चेतन आनंद और प्रमोद कुमार सिंह
Share this News

औरंगाबाद (बिहार): सुशासन दिवस के सफल और भव्य आयोजन को लेकर बारुण प्रखंड की जनकोप पंचायत में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की एक अहम तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष भीम शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन बारुण प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पटेल ने किया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह, नबीनगर विधायक चेतन आनंद और रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने तय किया जंगलराज से सुशासन तक का सफर: लेशी सिंह

बैठक को संबोधित करते हुए बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने जंगलराज से सुशासन तक का ऐतिहासिक सफर तय किया है।

उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास, कानून का राज, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सुशासन दिवस के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी का संकल्प है।

मंत्री ने कार्यक्रम के सफल और भव्य आयोजन को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि दोनों विधायक मेहनती और कर्मठ हैं। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष का कुशल नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम भी मौजूद है। ऐसे में आयोजन को सफल बनाने में सभी की अहम भूमिका रहेगी।

सुशासन बिहार की बदलती तस्वीर का प्रतीक: विधायक चेतन आनंद

नबीनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या-221 के जदयू विधायक चेतन आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि यह बिहार की बदलती तस्वीर और आम जनता के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और जनता के विश्वास की नई पहचान बनाई है। सुशासन दिवस के आयोजन के जरिए इन बदलावों और सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।

2005 से पहले के बिहार को याद कर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं: प्रमोद कुमार सिंह

रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि 2005 से पहले के बिहार की स्थिति की कल्पना मात्र से आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनके काम और शासन व्यवस्था में आए बदलावों से प्रभावित होकर ही जनता ने उन्हें प्यार से ‘सुशासन बाबू’ का नाम दिया।

विधायक ने कहा कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और देश के इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।

सुशासन दिवस को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान

बैठक के दौरान जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सुशासन दिवस के आयोजन को जनभागीदारी के साथ सफल और यादगार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए सभी प्रखंडों और पंचायतों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सके।

बैठक में कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस तैयारी बैठक में कार्यक्रम प्रभारी अमरेश चौधरी, प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामानुज सिंह, बीरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, जिला प्रवक्ता रवि सिंह राजपूत, नागेंद्र सिंह उर्फ मुखिया जी, नगर अध्यक्ष विजय चंद्रवंशी, मंजरी सिंह, छोटू शर्मा, मुमताज अहमद उर्फ जुगनू, संगीता प्रसाद, सुनील सिंह और सुजीत कुमार सहित कई नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों और सैकड़ों जदयू कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में नेताओं ने सुशासन दिवस के आयोजन को लेकर अपनी तैयारियों और जिम्मेदारियों पर चर्चा की। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *