औरंगाबाद में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद, 3 गिरफ्तार; एक नाबालिग भी हिरासत में

औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा 946 ग्राम ब्राउन शुगर बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी।
Share this News

औरंगाबाद, बिहार। जिले में अपराध पर लगाम लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान औरंगाबाद पुलिस को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े एक मामले में बड़ी कामयाबी मिली है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार 23 नवंबर 2026 को गोह थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि बाजार वर्मा गांव में कुछ लोग चार पहिया वाहन के जरिए मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गोह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध, चार लोग पकड़े गए

पुलिस टीम जब बाजार वर्मा गांव पहुंची तो वहां एक चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल के पास कुछ लोग खड़े मिले। पुलिस की गाड़ी देखते ही संदिग्ध लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को पकड़ लिया।

इसके बाद पकड़े गए लोगों और चार पहिया वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से एबीसीडी मार्क के चार पॉलिथीन में कुल 946 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध किशोर निरुद्ध

इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाजार वर्मा गांव निवासी 29 वर्षीय सिद्धू कुमार, 25 वर्षीय आशुतोष कुमार और 40 वर्षीय गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया। उनके स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया कि वे ब्राउन शुगर खरीदकर उसकी खुदरा बिक्री करते थे।

इस मामले में गोह थाना कांड संख्या 326/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि निरुद्ध किशोर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

ब्राउन शुगर के साथ वाहन, मोबाइल और नकदी भी जब्त

पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 946 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 8,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

औरंगाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अहम कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस का रोको-टोको अभियान अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जारी है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *