औरंगाबाद (बिहार) के रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के मदनपुर थाना इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। ऊंचौली गांव स्थित इंडियन बैंक में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की बंदूक से गोली चल जाने के कारण बैंक के रिकवरी एजेंट राजेंद्र पासवान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार 08 मई 2026 को करीब सुबह 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बैंक की सुरक्षा में तैनात गार्ड अभय कुमार सिंह की बंदूक से अचानक गोली चल गई, जो वहां मौजूद रिकवरी एजेंट राजेंद्र पासवान को जा लगी। गोली लगते ही बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल राजेंद्र पासवान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजेंद्र पासवान (70 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मदनपुर थाना क्षेत्र के माधो खाप गांव के रहने वाले थे और कई वर्षों से इंडियन बैंक में रिकवरी एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और इलाके में गहरा दुख का माहौल है।

औरंगाबाद पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा गार्ड अभय कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में स्थिति सामान्य है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि गोली गलती से चली या इसके पीछे कोई और वजह थी।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय / अनिल कुमार विश्वकर्मा.
