औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद के जिला मुख्यालय स्थित नावाडीह के रहने वाले मोहम्मद जुनैद अहमद की हत्या के मामले में अब तक कुल 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस मामले में पहली गिरफ्तारी पहले ही मोहम्मद नौशाद खान की हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए 4 और लोगों को गिरफ्तार किया है।
बुधवार, 4 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक के सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 संजय कुमार पांडेय की अनुपस्थिति में, उनके प्रभार में मौजूद यातायात पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि नावाडीह निवासी और गैलेक्सी मेडिकल स्टोर चलाने वाले मोहम्मद जुनैद अहमद को 30 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे नावाडीह मोड़ के पास अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
वादी जुबैद अहमद ने अपने बयान में बताया था कि नामजद 7 अभियुक्तों ने साजिश के तहत अज्ञात शूटरों से जुनैद अहमद की हत्या करवाई है। इसके बाद पुलिस ने पहले मोहम्मद नौशाद खान को गिरफ्तार किया था और अब 4 अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अली नगर वार्ड नंबर 13 निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद दानिश, पिता मोहम्मद अलीमुद्दीन; उसी इलाके के 21 वर्षीय मोहम्मद रागिब, पिता मोहम्मद अयूब; गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के कुईबार निवासी और वर्तमान में अली नगर नाज हॉल में रहने वाला 20 वर्षीय फरहान खान, पिता हुमायूं खान; तथा रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुरा निवासी 26 वर्षीय शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर, पिता अब्दुल रजाक मियां शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 129 जिंदा कारतूस, 6 मैगजीन और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल द्वारा गठित एसआईटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, खुफिया सूचना, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोहम्मद दानिश, मोहम्मद रागिब और फरहान खान को नगर थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद दानिश ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि जुनैद अहमद की हत्या भाड़े के शूटर शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर और उसके एक साथी से कराई गई, जिसमें मोहम्मद रागिब और फरहान खान की अहम भूमिका थी। दानिश ने यह भी बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार उसके घर पर रखा हुआ है। इसके बाद एसआईटी ने तुरंत छापेमारी कर उसके घर से हथियार और कारतूस बरामद कर लिए।
आगे पूछताछ में दानिश ने बताया कि शूटर शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर दाउदनगर से भागने की फिराक में है। इस सूचना के आधार पर एसआईटी ने दाउदनगर थाना क्षेत्र के तरारी पुल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने यह भी बताया कि मोहम्मद रागिब और फरहान खान ने शूटर शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर और उसके साथी को हत्या के लिए मोटरसाइकिल, हथियार और गोली उपलब्ध कराई थी।
रिपोर्ट: अजय कुमार पांडेय.
