औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद जिला मुख्यालय के ब्लॉक मोड़ के पास स्थित सम्राट अशोक भवन में शनिवार, 23 मई 2026 को भाजपा के दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” का पारंपरिक तरीके से आगाज़ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ॐ के उच्चारण, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार सरकार के पूर्व खान एवं भूतत्व मंत्री और वर्तमान भाजपा विधान परिषद सदस्य एवं सचेतक जनक राम ने कहा कि इस प्रशिक्षण अभियान का मकसद पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, राष्ट्रसेवा और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए तैयार करती है।
जनक राम ने कहा कि पार्टी श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों के विचारों को युवाओं और समाज के बीच पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि गांव, समाज और देश को सर्वोपरि मानकर काम करना ही भाजपा की कार्यशैली है और यही अनुशासन पार्टी को दूसरी पार्टियों से अलग बनाता है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का संगठन अपने कार्यकर्ताओं के जरिए जमीन पर काम करता है और इसी वजह से लोगों का भरोसा एनडीए सरकार पर बना हुआ है। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतर रही है।
जब पत्रकारों ने उनसे बिहार में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि फिलहाल यह प्रशिक्षण वर्ग का कार्यक्रम है और बाकी सवालों के जवाब बाद में विस्तार से दिए जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री धनराज शर्मा, औरंगाबाद सदर विधानसभा के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, भाजपा विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, भाजपा नेता मुकेश शर्मा, कमला देवी, जुलेखा खातून, सुमन अग्रवाल, अनिता सिंह, उषा सिंह, सतीश कुमार सिंह, उज्जवल कुमार, जितेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंह, भाजपा नेता अनिल कुमार सिंह, पूर्व राजद विधायक और वर्तमान भाजपा नेता सुरेश मेहता, नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
