स्वर्गीय आरके मिश्रा की स्मृति में शोकसभा आयोजित, वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान को किया याद

Share this News

गया (बिहार), 11 नवंबर 2026: विप्र समाज में जिन विभूतियों का नाम आदर और सम्मान के साथ लिया जाता है, उनमें स्वर्गीय आरके मिश्रा का नाम भी शामिल है। वह एक कर्तव्यनिष्ठ बैंक अधिकारी और बैंक कर्मचारी यूनियन के प्रदेश स्तर के बड़े नेता होने के साथ-साथ प्रसिद्ध समाजसेवी भी थे। उनका व्यक्तित्व प्रभावशाली और आकर्षक था। उनके संपर्क में आने वाला व्यक्ति लंबे समय तक उनसे जुड़ा रहता था।

ये बातें भारतीय राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा एवं कौटिल्य मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहीं। वह गोल बगीचा में स्वर्गीय आरके मिश्रा के निधन पर विवेकानंद पथ स्थित अपने आवास पर आयोजित शोकसभा में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

संघर्ष और समाजसेवा को समर्पित रहा जीवन

डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि प्राचीन गया जिले के सेनारी गांव के एक साधारण लेकिन प्रतिष्ठित शाकद्वीपीय ब्राह्मण परिवार में जन्म लेने वाले आरके मिश्रा ने विपरीत परिस्थितियों को अपने पुरुषार्थ से पराजित किया।

उनका पूरा जीवन विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष और साधना में बीता। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके प्रयास सराहनीय रहे। उन्होंने जीवन के अंतिम क्षण तक अपने स्वाभिमान, स्वतंत्र विचार, निर्भीकता और स्पष्टवादिता से समझौता नहीं किया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि आरके मिश्रा समाज के प्रतिभावान युवाओं को हमेशा समाजसेवा के लिए आगे आने की सलाह देते और उनका उत्साह बढ़ाते रहते थे।

ज्ञान, कर्म और समाजसेवा के समन्वय का उदाहरण थे आरके मिश्रा

शोकसभा में अपने विचार रखते हुए सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि आरके मिश्रा ने पारिवारिक परंपराओं और मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए अपने कर्मक्षेत्र में आगे बढ़कर गौरवशाली परंपरा का निर्वाह किया।

उन्होंने कहा कि मानवीय जीवन की पूर्णता ज्ञान अर्जन, धनार्जन और पुण्यार्जन के समन्वय से होती है। आरके मिश्रा ने अपने जीवन में इन सभी पहलुओं को अपनाया। वह आज शरीर से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका यश और कीर्ति उन्हें हमेशा अमर बनाए रखेगी।

मानवता की धारा हमेशा प्रवाहित रहती है: राकेश दत्त मिश्र

दिव्य रश्मि के संपादक और प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश दत्त मिश्र ने कहा कि मनुष्य नश्वर है और एक दिन उसका शरीर समाप्त हो जाता है, लेकिन मानवता की धारा हमेशा प्रवाहित रहती है।

समाजसेवी बीणा देवी ने कहा कि आज के दौर में आधुनिकता और आगे बढ़ने की होड़ के बीच निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और अन्य मानवीय गुणों का महत्व कम होता दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में आरके मिश्रा जैसे व्यक्तित्व की कमी हमेशा महसूस होती रहेगी।

युवाओं के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शक थे मिश्रा जी

श्रीचरण बाबू डालमिया ने कहा कि युवा पीढ़ी में बढ़ती निराशा और मानसिक अस्थिरता के बीच आरके मिश्रा जैसे अनुभवी मार्गदर्शकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे लोग युवाओं में आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करने में मदद करते हैं।

समाजसेवी अनीशा मिश्रा ने कहा कि आज केवल श्रद्धासुमन अर्पित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारने का संकल्प लेना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आरके मिश्रा त्याग, तपस्या, समाज के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा के स्रोत थे।

शोकसभा में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

शोकसभा में संदीप मिश्रा, राजीव नयन पांडे, डॉ. ज्ञानेश भारद्वाज, मनीष कुमार, डिंपल कुमारी, हरिशंकर मिश्र गौड़, केशव पाठक, विश्वजीत चक्रवर्ती, नीरज कुमार, दीपक पाठक, वीणा कुमारी, धर्मेंद्र कुमार, किरण पाठक, विवेक पांडे, भोला तिवारी, रणजीत पाठक, पवन मिश्र, विनोद तिवारी, शंकर उपाध्याय, दिलीप कुमार, सुधांशु कुमार मिश्रा, रीना सिंह, सोनी मिश्रा, नीरू कुमारी, नुसरत परवीन, आशा मिश्रा, पूनम देवी, अमर कुमार, सुरेंद्र तिवारी, सरस्वती देवी, रानी कुमारी, रूबी कुमारी, रंजना पांडे, रिया कुमारी, साविता देवी, नीरू, नीरज वर्मा, शोभा देवी, अनिल कुमार पाठक, पाली यादव, सुनील कुमार, अजय मिश्रा, अभय सिंह, सूरज कुमार पाठक, नीतू कुमारी, राखी कुमारी, फूल कुमारी, प्यारी देवी और पुष्प देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।

सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय आरके मिश्रा के सामाजिक योगदान, विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *