बटाने नदी पुल निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक, 15 जून से डायवर्सन निर्माण शुरू होने की उम्मीद

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : औरंगाबाद में मंगलवार, 09 जून 2026 को जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बटाने नदी स्थित पुल के डायवर्सन और पुल निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ निर्माण कार्य को तय समय-सीमा के भीतर शुरू कराने तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 के सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि डायवर्सन निर्माण से जुड़ी निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि 13 जून 2026 को तकनीकी बीड और 14 जून 2026 को वित्तीय बीड खोली जाएगी। सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 जून 2026 से डायवर्सन निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि पुल निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग (आर.सी.डी.) से आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है, इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार पालन किया जा रहा है।

बैठक में पुल निर्माण की प्रगति और तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में सहायक अभियंता ने बताया कि पुल के ऊपरी हिस्से के निर्माण का प्रस्ताव है और विभागीय स्तर पर स्थल निरीक्षण भी पूरा किया जा चुका है। निर्माण कार्य को जल्द शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, आर.सी.डी. को निर्देश दिया कि अंबा–बारुण पथ पर स्थित पुल की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक सप्ताह के भीतर पूरा कराया जाए। इसके अलावा बारुण पथ पर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड लिमिट संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह के साथ संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों को समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *