गोह में निर्माण कार्य रोकने और धमकियों का आरोप, श्याम सुंदर ने आमरण अनशन की दी चेतावनी

Share this News

गोह विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर ने सोमवार, 15 जून 2026 को सोशल मीडिया के ज़रिए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि गोह थाना क्षेत्र के बाजार वर्मा पंचायत स्थित दोवाल गांव में जिला परिषद सदस्य श्रीमती शोभा कुमारी की सिफारिश पर चल रहे नाला और शवदाह गृह निर्माण कार्य में कुछ असामाजिक तत्व लगातार रुकावट पैदा कर रहे हैं।

श्याम सुंदर ने बताया कि गांव में चल रहे विकास कार्यों को रोकने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक शुक्रवार को दिन-दहाड़े गांव के रास्ते को बांस-बल्ला लगाकर बंद कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन, अंचल अधिकारी और पुलिस को भी दी गई थी। बाद में प्रशासन की पहल पर रास्ता खुलवाया गया, लेकिन अब तक किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने यह भी दावा किया कि रविवार देर रात कुछ लोगों ने शवदाह गृह निर्माण में लगे मजदूरों को धमकाया और काम बंद करने के लिए कहा। मजदूरों को हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि डर के कारण मजदूर वहां से चले गए। रात होने की वजह से मजदूर उन लोगों की पहचान नहीं कर सके।

श्याम सुंदर का कहना है कि इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन को होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे लोगों को संरक्षण कौन दे रहा है और कानून कार्रवाई करने में देरी क्यों कर रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता है।

इसी को लेकर श्याम सुंदर ने घोषणा की है कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो वह 17 जून 2026 से गोह प्रखंड कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े कुछ नेता, अपराधी और अधिकारियों का गठजोड़ कानून व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है, जिसके खिलाफ वह लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे।

अंत में उन्होंने समाज के जागरूक और प्रगतिशील लोगों से अन्याय, अत्याचार और कथित भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उनका कहना है कि सत्य और न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए समाज का साथ मिलना जरूरी है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *