मुजफ्फरपुर में लूट के दौरान स्वर्ण व्यवसायी की हत्या, गहनों से भरा बैग लेकर फरार हुए अपराधी

Share this News

.मुजफ्फरपुर (बिहार) : मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुस्ता माधोपुर में सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी और गहनों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान दीपक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो माधोपुर चौक पर आभूषण की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि रोज़ की तरह वह रात में दुकान बंद करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उनके पास दुकान के कीमती जेवरातों से भरा एक बैग भी था, जिसे वह सुरक्षा के मद्देनज़र प्रतिदिन घर ले जाया करते थे।

जानकारी के मुताबिक, वारदात उनके घर से महज़ 100 मीटर की दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले से घात लगाए बैठे अपाचे बाइक सवार दो अपराधियों ने दीपक कुमार गुप्ता को रास्ते में रोक लिया और गहनों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।

गोली उनके सीने और कमर में लगी। इसके बाद अपराधी गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार गुप्ता को तुरंत बैरिया स्थित अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बेटे दुर्गेश कुमार ने बताया कि गोली चलने की आवाज़ और शोर सुनकर परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि आगामी 22 जून 2026 को उनकी सगाई होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी दीपक कुमार गुप्ता की दुकान में सेंधमारी की कोशिश हो चुकी थी, हालांकि उस समय अपराधियों को कोई सफलता नहीं मिली थी।

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एसएसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत होता है। अपराधियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

उधर अस्पताल पहुंचे परिजनों और स्वर्ण व्यवसायियों ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विरोध स्वरूप पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण उनमें भय का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय / गजनफर इकबाल.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *