औरंगाबाद के विशुनपुर में बंद घर में चोरी, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): देव थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में सोमवार देर रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच बंद पड़े एक घर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त आसपास के लोग बेखबर अपने-अपने घरों में सो रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला विशुनपुर गांव निवासी प्रमोद राम के घर का है। बताया जा रहा है कि चोर किसी तरह छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अंदर रखा सामान लेकर फरार हो गए।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रमोद राम कई महीनों से घर बंद कर बाहर रह रहे थे। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह जब गांव के लोग अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने प्रमोद राम के घर के बाहर बक्से और अन्य सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद लोगों को शक हुआ और जांच करने पर घर का ताला टूटा मिला।

घटना की जानकारी सबसे पहले गांव के लोगों ने फोन के जरिए प्रमोद राम को दी। सूचना मिलने के बाद प्रमोद राम ने अपने परिवार के लोगों से देव थाना को इसकी जानकारी देने के लिए कहा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही देव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद देव थानाध्यक्ष ने पूरे मामले की जानकारी औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटना से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

मंगलवार को फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान फिंगर प्रिंट समेत जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल टीम मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

चोरी की इस घटना को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। वहीं, इलाके में लगातार हो रही ऐसी वारदातों के बीच चोरों तक पहुंचना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय / मोहम्मद रिजवान अंसारी.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *