औरंगाबाद (बिहार): बुधवार, 29 जुलाई 2026 को रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने किसानों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान कराया। उत्तर कोयल नहर के कई स्थानों पर बंद किए गए पाइप नलों को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में खुलवाया गया, जिससे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर कोयल नहर के विभिन्न स्थानों पर विभागीय स्तर पर पाइप नल बंद कर दिए गए थे। इसके कारण आसपास के गांवों के किसानों को खेतों की पटवन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पानी नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित हो रहा था और किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी।

जब समस्या ज्यादा बढ़ गई, तब रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के बनिया, उमंगा, महुआवां, घटराईन, मदनपुर सहित कुल सात पंचायतों के ग्रामीण और किसानों ने एकजुट होकर अपने स्थानीय विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह से मुलाकात की। किसानों ने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।
किसानों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रमोद कुमार सिंह विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया और किसानों की मौजूदगी में उत्तर कोयल नहर पर बंद किए गए पाइप नलों को खुलवाया। इसके बाद नहर का पानी दोबारा किसानों तक पहुंचने लगा, जिससे क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली।
पाइप खुलने के बाद किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस कदम से अब खेतों की पटवन आसान हो सकेगी और खेती का काम समय पर पूरा किया जा सकेगा।
इस मौके पर विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि “मैं भी एक किसान का बेटा हूं और किसानों की परेशानियों को अच्छी तरह समझता हूं। किसानों की समस्या का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। हमारी सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। मैं समाज सेवा के उद्देश्य से ही विधायक बना हूं और जनता की हर समस्या के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा।”
विधायक के इस प्रयास से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है। किसानों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान होने से खेती का काम प्रभावित नहीं होगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
