नीट-यूजी प्रदर्शन को लेकर बिहार सरकार का बड़ा ऐलान, 26 जुलाई शाम 6 बजे तक दर्ज मामलों में राहत

Share this News

औरंगाबाद (बिहार): गृह विभाग, बिहार सरकार की ओर से सोमवार, 27 जुलाई 2026 को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। सरकार ने परीक्षा व्यवस्था और उच्च शिक्षा में जवाबदेही तथा सुधार की मांगों के बीच प्रदर्शनकारियों को लेकर कई अहम आश्वासन दिए हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे तक बिहार के किसी भी हिस्से में इस विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार कोई दंडात्मक, प्रतिशोधात्मक या प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं करेगी।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान 26 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे से पहले दर्ज की गई सभी प्राथमिकी (एफआईआर), परिवाद और कारण बताओ नोटिस को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाएगी।

इसके अलावा, 26 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे से पहले दर्ज मामलों में गिरफ्तार या निरुद्ध किए गए सभी लोगों को जल्द रिहा करने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि 26 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे से पहले दर्ज मामलों में नामित व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी किसी प्रकार की प्रत्यक्ष या परोक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि यह प्रेस विज्ञप्ति गृह विभाग, बिहार सरकार के विशेष सचिव (भा.पु.से.) क्षत्रनील सिंह की ओर से जारी की गई है। इसमें सरकार ने साफ किया है कि उक्त अवधि तक विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों के संबंध में दिए गए सभी आश्वासनों के अनुरूप आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *