ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, 11 लोग गिरफ्तार, दो लड़कियों का रेस्क्यू

Share this News

मुजफ्फरपुर: शहर में ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, घर से भागी या भटकी हुई लड़कियों को एजेंट बहला-फुसलाकर पार्लर तक लाते थे। इसके बाद उन्हें जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेलने की बात सामने आई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कटही पुल सब्जी मंडी के पास स्थित एक पार्लर में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा है। सूचना यह भी थी कि वहां दो लड़कियों को बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है।

इससे पहले पुलिस ने संजय नाम के एक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन से पकड़ा था। इसी कार्रवाई और उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने पार्लर में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। दोनों पिछले कुछ दिनों से लापता थीं। इनमें एक तुर्की और दूसरी पानापुर की रहने वाली बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में कुल 11 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया था। रेस्क्यू कराई गई एक लड़की ने पुलिस को बताया कि उन्हें अलग-अलग पार्लरों में भी भेजा जाता था और वहां जबरन देह व्यापार कराया जाता था।

लड़कियों की निशानदेही पर पुलिस ने कई ब्यूटी पार्लरों में छापेमारी की। इस दौरान वहां से आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गई हैं। पकड़ी गई महिलाओं से अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयान लिए जा रहे हैं।

पुलिस अब शहर के अलग-अलग इलाकों में चल रहे ब्यूटी पार्लरों और स्पा सेंटरों की भी गहन जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान कुछ लड़कियों ने बताया कि सोशल साइट्स के जरिए दोस्ती करने के बाद उन्हें इस दलदल में फंसाया गया था।

मामले की जांच जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय./ग़ज़नफर इकबाल.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *