मगध प्रक्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Share this News

बिहार, 15 अगस्त 2026 मगध प्रक्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस मौके पर सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में निर्धारित समय के अनुसार तिरंगा फहराया गया और झंडे को सलामी दी गई।

बिहार के औरंगाबाद में प्रभारी मंत्री ने ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडा फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों और उनकी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

औरंगाबाद की जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने समाहरणालय परिसर और अपने आवास पर झंडा फहराया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और पुलिस अधीक्षक ने भी अपने-अपने कार्यालय में झंडा फहराकर तिरंगे को सलामी दी। मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और देश के वीर सपूतों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसी तरह औरंगाबाद नगर थाना, मुफस्सिल थाना समेत दूसरे संस्थानों में भी झंडा फहराने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी जगह स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

गया में भी प्रभारी मंत्री ने झंडा फहराकर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, टिकारी में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडलीय पुलिस कार्यालय में अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी, नगर पालिका कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी, टिकारी थाना में थाना अध्यक्ष और महिला इंटर कॉलेज में महिला प्राचार्य ने झंडा फहराया। इस दौरान प्रसाद के रूप में जलेबी का वितरण किया गया।

इसी तरह मगध प्रक्षेत्र के विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा फहराने के कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए। पूरे इलाके में लोगों ने देशभक्ति के जज़्बे के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *