रफीगंज में बिहार महोत्सव के आयोजन की तैयारी तेज, सिद्धेश्वर विद्यार्थी का हुआ सम्मान

Share this News

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देखते हुए प्रखंड स्तर पर महोत्सव कराने पर जोर

औरंगाबाद, बिहार (27 सितंबर 2026): रफीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रविवार को बिहार महोत्सव के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रफीगंज प्रखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को ध्यान में रखते हुए प्रखंड स्तर पर बिहार महोत्सव आयोजित करने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन बीएमडी विकास कुमार ने किया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रफीगंज प्रखंड में पचार पहाड़ स्थित सर्वधर्म स्थल, सिंघी, पोगर, सिहुली सहित कई महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल हैं। इसके अलावा डाकबंगला मैदान में पिछले करीब 35 वर्षों से आजाद वीर संघ की ओर से छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है।

सभी समुदायों की भागीदारी से तैयार होगी महोत्सव की रूपरेखा

वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को देखते हुए रफीगंज प्रखंड में भी बिहार महोत्सव का आयोजन किया जाना चाहिए। बैठक में मौजूद लोगों ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताते हुए आयोजन को व्यापक रूप देने की बात कही।

बैठक में डॉ. तुलसी यादव, लड्डू खां, सुरेश प्रजापति, डॉ. विकास कुमार, बीमा अधिकारी संजय शर्मा, राजू गुप्ता, प्रमोद यादव और संजय योगी सहित अन्य लोगों ने महोत्सव के आयोजन को लेकर अपने विचार रखे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 4 अक्टूबर 2026 को जैन धर्मशाला में दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और अलग-अलग समुदायों के लोगों को शामिल कर महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

बिहार महोत्सव पुरुष से सम्मानित सिद्धेश्वर विद्यार्थी का सम्मान

इस अवसर पर बिहार विधान परिषद, पटना में ‘बिहार महोत्सव पुरुष’ की उपाधि से सम्मानित सिद्धेश्वर विद्यार्थी को भी सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें माला पहनाकर, अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि औरंगाबाद जिले सहित अन्य क्षेत्रों में बिहार महोत्सव के आयोजन को बढ़ावा देने में सिद्धेश्वर विद्यार्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने रफीगंज में भी महोत्सव के आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

कार्यक्रम के दौरान बीएमडी विकास कुमार ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सिद्धेश्वर विद्यार्थी का अभिनंदन किया।

बैठक के बाद स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों ने उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की। इस दौरान एनीमिया, ब्लड शुगर और सीबीसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई।

इस अवसर पर रामजी सिंह, आदित्य श्रीवास्तव, लव कुश प्रसाद सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, राम श्लोक, अक्षय पाठक, सुनील दीप, अनिल विश्वकर्मा, पन्नालाल, राकेश प्रजापति, श्यामसुंदर यादव और पुलखन प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *