औरंगाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पुतला दहन

Share this News

एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, स्वतंत्र जांच की मांग

औरंगाबाद, बिहार (28 सितंबर 2026): जिला कांग्रेस कमेटी के वर्तमान जिलाध्यक्ष एवं औरंगाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार 10 वर्षों तक कांग्रेस विधायक रह चुके आनंद शंकर सिंह के निर्देश पर सोमवार को रमेश चौक पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व औरंगाबाद जिला कांग्रेस प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की।

एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के आरोप

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए कथित तौर पर एकतरफा फैसले लिए गए। नेताओं ने दावा किया कि एसआईआर के नाम पर विपक्ष के प्रभाव वाले क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर मतदाता सूची में अनियमित तरीके से नाम जोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के कुछ फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इन घटनाओं से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों को गंभीरता से देखने की जरूरत है।

एसआईटी या न्यायिक आयोग से जांच की मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की एसआईटी अथवा न्यायिक आयोग के माध्यम से स्वतंत्र जांच चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी द्वारा संवैधानिक और कानूनी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी सत्येंद्र सिंह के अलावा 90 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेसी एवं पूर्व मुखिया अंबिका पाण्डेय की मौजूदगी भी चर्चा में रही।

इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, शैलू दुबे, राकेश कुमार सिंह, अरविंद सिंह, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र यादव, प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, संजय राम, संजीव सिंह, मिथिलेश राम, बृजकिशोर सिंह, शत्रुघ्न सिंह, देवंती देवी, महिला जिलाध्यक्ष गायत्री देवी, अर्चना कुमारी और बेबी सिंह सहित कई नेता एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

इसके अलावा अनुग्रह स्मारक के सचिव चुलबुल सिंह, उदय पासवान, मोहम्मद इरफान, जिन्ना कुरैशी, रत्नाकर कुमार सिंह, प्रोफेसर अंबिका प्रसाद, मुखिया प्रदीप कुमार सिंह, विकास सिंह, अजय कुमार सिंह, मोहम्मद अजीम, मजदूर नेता धीरेंद्र कुमार सिंह, अमरेंद्र सिंह, शेल मिश्रा और नागेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रमेश चौक पर “वोट चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे भी लगाए।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *