बिहार प्रदेश, 5 अक्टूबर 2026: जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के निर्देशन में जिले के सभी प्रखंडों में 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक “सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार” का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
आम लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना मुख्य उद्देश्य
“सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार” का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जोड़कर उनका लाभ दिलाना है।
इसके साथ ही शिविर में नागरिकों से आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त की जाएंगी तथा लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में 26 केंद्रीय योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
हर आवेदन और शिकायत का होगा पंजीकरण
शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का पंजीकरण किया जाएगा और आवेदक को इसकी पावती उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन संख्या के माध्यम से संबंधित आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
पंचायत स्तर पर भी लिए जा रहे आवेदन
सेवा सेतु शिविर को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत सरकार भवनों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में भी आवेदन और शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं। पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर के माध्यम से लोगों से आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि शिविर के दौरान अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निष्पादन किया जा सके।
शिविर में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क, आवेदन काउंटर, इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटर, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी।
जिला प्रशासन ने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का 26 अक्टूबर 2026 तक गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
जिला प्रशासन ने की जिलेवासियों से अपील
जिला प्रशासन, अरवल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी “सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार” में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
