गया: प्रो. सहदेब बाउरी को भावुक विदाई, मगध विश्वविद्यालय में बने स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष

Share this News

गया। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया में कॉलेज के बर्सर और अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सहदेब बाउरी के सम्मान में विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्हें मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग का अध्यक्ष बनाए जाने पर कॉलेज परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।

कॉलेज के सावित्री महाजन सभागार में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल ने की। इस मौके पर उन्होंने प्रो. बाउरी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

डॉ. सीमा पटेल ने प्रो. बाउरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर मुबारकबाद दी और उम्मीद जताई कि कॉलेज से उनका जुड़ाव पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिवार को आगे भी उनके स्नेह, सहयोग और अनुभवी मार्गदर्शन की जरूरत रहेगी।

वहीं, प्रो. सहदेब बाउरी अपने पुराने कॉलेज को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने गौतम बुद्ध महिला कॉलेज को अपना परिवार बताते हुए कहा कि यहां बिताए गए 21 सालों को वह कभी नहीं भूल सकते। इस दौरान उन्हें शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारियों और छात्राओं से जो प्यार, सहयोग और सम्मान मिला, उसके लिए उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारी के बावजूद कॉलेज परिवार को उनका सहयोग आगे भी मिलता रहेगा।

समारोह में मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी प्रो. बाउरी के साथ बिताए दिनों की यादें साझा कीं। प्रो. अफ्शां सुरैया, डॉ. शगुफ्ता अंसारी, डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ. जया चौधरी, डॉ. नगमा शादाब, डॉ. प्यारे मांझी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. शुचि सिन्हा और शिक्षकेतर कर्मी डॉ. रूही खातून ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए।

इस दौरान वक्ताओं ने प्रो. बाउरी के सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव की तारीफ की। कॉलेज के बर्सर और पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य के तौर पर उनके कामकाज और नेतृत्व क्षमता को भी सराहा गया। सभी ने मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग का अध्यक्ष बनाए जाने को उनके साथ-साथ पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात बताया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल ने प्रो. बाउरी के उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना की। समारोह का संचालन डॉ. वीणा कुमारी जायसवाल ने किया।

तीन साल के लिए मिली है नई जिम्मेदारी

गौरतलब है कि मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. दिलीप कुमार केसरी के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने 23 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर प्रो. डॉ. सहदेब बाउरी को रोटेशन के आधार पर तीन साल के लिए स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

कॉलेज की पीआरओ डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी के मुताबिक, प्रो. बाउरी की पहली नियुक्ति 2 जुलाई 2003 को एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद में अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक के रूप में हुई थी। इसके बाद 20 दिसंबर 2005 को उन्होंने गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया में योगदान दिया। यहां अपने 21 साल के कार्यकाल में उन्होंने बर्सर और प्रधानाचार्य के रूप में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं। कॉलेज के विकास और प्रशासनिक कामकाज में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

समारोह में डॉ. अमृता कुमारी घोष, डॉ. पूजा राय, डॉ. नगमा शादाब, डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. कृति सिंह आनंद, डॉ. फरहीन वजीरी, डॉ. बनीता कुमारी, प्रीति शेखर, डॉ. प्रमिला कुमारी, डॉ. सुरबाला कृष्णा, डॉ. आशुतोष कुमार पांडेय, डॉ. अफ्शां नाहिद, डॉ. फातिमा, डॉ. नुदरतुन निसां, डॉ. दीपिका, डॉ. सपना पांडे, डॉ. प्रियंका पांडेय, डॉ. सीमा कुमारी सहित कॉलेज के कई शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और अन्य कर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *