गया। गया जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारतरत्न इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि तथा देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
स्थानीय राजेंद्र आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में शामिल बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, नवाब अली, मदीना खातून, प्रदीप शर्मा, रणजीत कश्यप, बृजेश राय, कौशल श्रीवास्तव, अर्जुन गुप्ता, अजय सिंह, दामोदर गोस्वामी, मनीषा देवी और शिवनाथ प्रसाद समेत अन्य नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि यह एक संयोग है कि 31 अक्टूबर को ही देश की लौह महिला इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई जाती है। दोनों नेताओं ने अपने-अपने कार्यकाल में देश के लिए ऐसे अहम काम किए, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश में बैंकों और कोयला खदानों के राष्ट्रीयकरण जैसे बड़े फैसले लिए। उनके कार्यकाल में पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना। नेताओं ने उनके उस आखिरी संदेश को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके खून का एक-एक कतरा देश के काम आएगा। उनकी शहादत और देश के प्रति समर्पण आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।
वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि उन्होंने देश की अलग-अलग रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से आज भारत एकजुट राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
कार्यक्रम के आखिर में कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के बताए रास्ते पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
