औरंगाबाद (बिहार): शहर में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि आम लोगों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:20 बजे पुरानी जीटी रोड पर धर्मशाला मोड़ के समीप अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 का वाहन भी काफी देर तक जाम में फंसा रहा।

शहर में प्रतिदिन लगने वाले इस जाम की प्रमुख वजह पुरानी जीटी रोड के दोनों किनारों पर अतिक्रमण कर ठेले पर दुकानें लगाना बताई जा रही है। जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर खासकर चर्चित रमेश चौक से हनुमान मंदिर मोड़ तक और धर्मशाला मोड़ के आसपास अक्सर लंबा जाम लगा रहता है। इसके बावजूद अतिक्रमण और जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
जाम के कारण शहरवासियों को रोजाना काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी पुरानी जीटी रोड पर शहर का चर्चित सदर अस्पताल भी स्थित है। यहां से गंभीर हालत में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गया जी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल या पटना रेफर किया जाता है। ऐसे में मरीजों को लेकर जाने वाली निजी गाड़ियों और एंबुलेंस को भी इसी मुख्य मार्ग से गुजरना पड़ता है।
लेकिन सड़क पर लगने वाले लंबे जाम के कारण कई बार एंबुलेंस की गाड़ियां भी काफी देर तक फंसी रह जाती हैं। ऐसी स्थिति में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। जाम की वजह से मरीज की जान पर भी खतरा पैदा हो सकता है। यह समस्या बेहद गंभीर है और इस पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
शहर में केवल पुरानी जीटी रोड ही नहीं, बल्कि बायपास पुल के नीचे भी प्रतिदिन लंबा जाम लग जाता है। इससे आम लोगों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
गौरतलब है कि पुरानी जीटी रोड पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर संवाददाता पहले भी कई बार प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर चुके हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजित कई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी इस मामले को उठाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया है। इसके बावजूद आज तक हालात में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला है।
ऐसे में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को चाहिए कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। खासकर अस्पताल जाने वाले रास्ते को जाम से मुक्त रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि शहरवासियों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
