गया जी (बिहार), 11 नवंबर 2026: कांग्रेस पार्टी आगामी 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में ‘संविधान बचाओ मार्च’ आयोजित करेगी। यह कार्यक्रम 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। पार्टी के मुताबिक, यह देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का अगला प्रमुख चरण होगा।
इस मार्च में गया जी जिले से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शशि किशोर शिशु, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, धर्मेंद्र कुमार निराला, सुनील कुमार पासवान, युगल किशोर सिंह, अर्जुन गुप्ता, शिव कुमार चौरसिया और राजेश्वर पासवान सहित अन्य नेताओं ने इसकी जानकारी दी।
24 नवंबर को गया से दिल्ली रवाना होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गया जी जिले के सभी 24 प्रखंडों, 332 ग्राम पंचायतों, वार्डों, मोहल्लों और गांवों से सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए कार्यकर्ता 24 नवंबर को ही गया जी से अलग-अलग ट्रेनों और बसों के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे मार्च का नेतृत्व
नेताओं के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित मार्च का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी सहित पार्टी के सांसद तथा इंडिया गठबंधन के नेता करेंगे।
देश के विभिन्न राज्यों से निकलने वाली ‘दिल्ली चलो’ यात्राएं 25 और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगी। इसके बाद ये यात्राएं बड़े प्रदर्शन का रूप लेंगी।
गया जिले के चारों अनुमंडलों में प्रभारी नियुक्त
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गया जी जिले के चारों अनुमंडलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
गया सदर अनुमंडल: सुनील कुमार पासवान, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ।
टिकारी अनुमंडल: नरेंद्र कुमार गुड्डू।
बथानी अनुमंडल: राजेश्वर पासवान।
शेरघाटी अनुमंडल: मिथिलेश सिंह।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की भी उठेगी मांग
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस आंदोलन के जरिए पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने यानी ‘वोट चोरी’ और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की जाएगी।
पार्टी का कहना है कि ‘संविधान बचाओ मार्च’ के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
