गया जी (बिहार), 10 नवंबर 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गया जी शहर के चार प्राचीन छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान पितामहेश्वर घाट, महादेव घाट, सीढ़िया घाट और राय बिंदेश्वरी घाट पर मौजूद कमियों और सुविधाओं का जायजा लिया गया। नेताओं ने जिला प्रशासन से इन कमियों को अविलंब दूर कराने की मांग की।
निरीक्षण कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि और गया महानगर विकास संघर्ष समिति तथा स्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गया जी अभियान के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू शामिल रहे। उनके साथ जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष और राय बिंदेश्वरी घाट पूजा समिति के अध्यक्ष बैजू प्रसाद, रवि कुमार, प्रद्युम्न दुबे, गोपाल पाठक, दामोदर गोस्वामी, महादेव घाट छठ पूजा के सचिव कमलेश चंद्रवंशी, सीढ़िया घाट पूजा समिति के अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम सिंह भी मौजूद रहे।
इसके अलावा कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, धर्मेंद्र कुमार निराला, कांग्रेस उपाध्यक्ष और पितामहेश्वर छठ घाट पूजा समिति के सचिव भुवन राम, अनिल यादव, इंदल पासवान तथा इंटक के जिला महासचिव और स्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गया जी अभियान के महासचिव टिंकू गिरी सहित अन्य लोग भी निरीक्षण में शामिल हुए।
नाली के पानी पर अस्थायी लोहे के पुल बनाने की मांग
निरीक्षण के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चारों प्रमुख छठ घाटों तक पहुंचने के रास्ते में नाली का पानी बह रहा है। श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को इस पानी को पार करने में परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए उन्होंने प्रत्येक घाट पर कम से कम 50-50 फीट के दो-दो अस्थायी लोहे की चादर वाले पुल बनाने की मांग की।
इसके साथ ही महादेव घाट और राय बिंदेश्वरी घाट पर अतिक्रमण की वजह से बाधित रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बेहतर साउंड व्यवस्था और मुकम्मल साफ-सफाई का इंतजाम करने पर जोर दिया।
फल्गु नदी में पानी का बहाव बना परेशानी की वजह
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस वर्ष कम बारिश होने के कारण फल्गु नदी में सोई का पानी पूर्व दिशा की ओर बह रहा है। गया जी शहर के ज्यादातर प्राचीन छठ घाट नदी के पश्चिमी छोर पर स्थित हैं।
ऐसे में शहर के छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पश्चिम दिशा से चलकर पूर्व की ओर बह रहे पानी तक पहुंचने के लिए बीच में नाली के पानी को पार करना पड़ सकता है। नेताओं के मुताबिक, इस परेशानी से बचाने के लिए अस्थायी लोहे के पुलों का निर्माण जरूरी है, ताकि श्रद्धालु आसानी से घाटों तक पहुंच सकें।
चारों घाटों पर चार दिनों तक छठ गीत बजाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने गया जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और गया रेलवे जंक्शन की तरह शहर के चारों प्राचीन छठ घाटों पर भी छठ पूजा के दौरान गीत बजाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नहाय-खाय से ही इन घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो जाता है। इसलिए नहाय-खाय, खरना, पहला अर्घ्य और पारण सहित चारों दिनों तक घाटों पर छठ गीत बजने चाहिए।
छठ पूजा की तैयारियों में सभी की भागीदारी जरूरी
नेताओं ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महान पर्व है। इसकी तैयारियों और आयोजन में राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन, गया नगर निगम, छठ पूजा समितियों और आम लोगों की अहम भागीदारी रहती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
