औरंगाबाद (बिहार): दीपावली के अवसर पर संवाददाता की मुलाकात रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह से जिला मुख्यालय औरंगाबाद स्थित उनके आवास पर हुई। इस दौरान देश की न्यायपालिका और मुख्य न्यायाधीश को लेकर विपक्षी दलों की टिप्पणियों पर उनसे सवाल किया गया।
संवाददाता ने पूछा कि विपक्षी पार्टियां सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत पर लगातार सवाल उठा रही हैं। विपक्ष का आरोप है कि मुख्य न्यायाधीश चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सत्तापक्ष भाजपा का बचाव कर रहे हैं। इस मुद्दे पर विधायक की क्या राय है?
विपक्ष पर विधायक ने साधा निशाना
इस सवाल के जवाब में जदयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि जिन लोगों को स्वार्थ की राजनीति करनी है, वे सभी पर आरोप लगाएंगे। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका एक स्वतंत्र संस्था है और उस पर उंगली उठाना संबंधित लोगों की समझ और देश के हित के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है।
विधायक ने कहा, “सबसे पहले कार्यपालिका, फिर विधायिका और इसके बाद न्यायपालिका है। न्यायपालिका हमारा स्वतंत्र विभाग है। न्यायपालिका पर उंगली उठाना, आप समझ सकते हैं कि वे कितने समझदार हैं और अपने देश का कितना हित सोचते हैं।”
विदेशी ताकतों के सामने देश की बुराई करने का भी लगाया आरोप
प्रमोद कुमार सिंह ने अपने बयान में विपक्षी दलों पर विदेशी ताकतों के सामने भारत की बुराई करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विदेश जाकर देश की शिकायत करते हैं और उन ताकतों का पक्ष लेते हैं, जो उनकी नजर में भारत की सभ्यता, संस्कृति और सनातन परंपरा पर हमला करती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का भारत में आकर विदेशी ताकतों के पक्ष में बात करना देशहित के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है।
विधायक ने दावा किया कि जनता ने ऐसे लोगों को पहले ही जवाब दे दिया है और आने वाले समय में भी जनता उन्हें जवाब देगी।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
