औरंगाबाद में जदयू की तैयारी बैठक, 24 नवंबर को होगा ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम

Share this News

औरंगाबाद (बिहार), 11 नवंबर 2026: आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को सर्किट हाउस, औरंगाबाद में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में कार्यक्रम प्रभारी अमरेश चौधरी, रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जदयू विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह और जिला प्रवक्ता रवि सिंह राजपूत सहित पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नीतीश कुमार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को जंगलराज के दौर से निकालकर सुशासन, विकास और कानून के राज की दिशा में आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास की नई इबारत लिखी गई है। सरकार की उपलब्धियों और बदलाव की इस कहानी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

सुशासन दिवस केवल कार्यक्रम नहीं, बदलाव की यात्रा: अमरेश चौधरी

कार्यक्रम प्रभारी अमरेश चौधरी ने कहा कि ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार में हुए परिवर्तन, विकास और सुशासन की यात्रा को जनता के सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने जिला पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से पूरी सक्रियता, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

संगठन की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत: जिलाध्यक्ष

जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने कहा कि औरंगाबाद जिले में पार्टी का संगठन इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

विकास और सुशासन की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने पर जोर

जिला प्रवक्ता रवि सिंह राजपूत ने कहा कि बिहार की राजनीति में जंगलराज से सुशासन तक का सफर ऐतिहासिक परिवर्तन की गाथा है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकास, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि विकास और सुशासन की उपलब्धियों को तथ्यों के साथ जन-जन तक पहुंचाया जाए। नीतीश संवाद के माध्यम से जनता के बीच विकास की चर्चा होगी और बिहार के बदलते स्वरूप को सामने रखा जाएगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि औरंगाबाद जिले के सभी पार्टी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

पूर्व विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र संख्या-222 की पूर्व विधायक रेणु देवी, बिहार प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामानुज सिंह, विजय विश्वकर्मा, रामनाथ सिंह, सतेंद्र चौधरी, जिला महासचिव बीरेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह उर्फ मुखिया जी, मनोज कुमार सिंह, उमेश सिंह उर्फ भंडारी जी, प्रवीण कुमार, जिला सचिव चंद्रशेखर बिंद, राजेंद्र सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव पिंटू शर्मा, मो. मुर्तुजा, रत्नेश सिंह, मो. तस्लीमुद्दीन, संगीता प्रसाद, बेबी देवी और मो. चांद सहित सभी प्रखंड अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में मौजूद नेताओं और पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया। सभी ने जनभागीदारी के माध्यम से ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को व्यापक और सफल बनाने की बात कही।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *