औरंगाबाद में आभूषण दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त कदम, दुकानदारों को दिए 10 अहम दिशा-निर्देश

औरंगाबाद में आभूषण दुकानों की सुरक्षा जांच करते पुलिस पदाधिकारी और दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश देती बिहार पुलिस।
Share this News

औरंगाबाद (बिहार): जिले में आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए औरंगाबाद पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग इलाकों में स्थित आभूषण दुकानों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही दुकानदारों को चोरी, लूट और दूसरी आपराधिक घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा के जरूरी उपाय अपनाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

पुलिस ने आभूषण कारोबारियों को दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें 24 घंटे चालू रखने की सलाह दी है। इसके साथ ही मुख्य दरवाजे और ऊंचाई वाले स्थानों पर हिडन सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा गया है, ताकि दुकान में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और समय-समय पर उसकी जांच करने पर भी जोर दिया है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए दुकानों में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम लगाने की हिदायत दी गई है।

बड़ी आभूषण दुकानों में सुरक्षा गार्ड रखने और मुख्य दरवाजे पर ग्रिल या गेट के जरिए एक्सेस कंट्रोल की व्यवस्था करने को कहा गया है। इस व्यवस्था के तहत एक समय में केवल एक व्यक्ति के दुकान के अंदर आने या बाहर जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान को मजबूत तिजोरी में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। दुकान में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और उनकी गतिविधियों पर सुरक्षा गार्ड के जरिए विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है।

औरंगाबाद पुलिस ने सभी आभूषण दुकानदारों को नजदीकी थाना और पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर दुकान में ऐसी जगह प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, जहां जरूरत पड़ने पर तुरंत उनका इस्तेमाल किया जा सके।

पुलिस ने दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने के साथ नकदी और कीमती आभूषणों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते समय सावधानी रखने की भी सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, धमकी या आपराधिक घटना की आशंका होने पर तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।

इसके साथ ही सभी ज्वेलरी दुकानदारों से पुलिस के साथ लगातार संपर्क और बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की गई है।

अंत में औरंगाबाद पुलिस ने आम नागरिकों और सभी आभूषण कारोबारियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वह आम लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *