गया, बिहार। संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने पटना में संविधान रक्षा मार्च निकाला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में गया जिले से भी सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, धर्मेंद्र कुमार निराला, सुनील कुमार पासवान, अनिल कुमार यादव, इंदल पासवान, श्रवण पासवान और विद्या शर्मा सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसके अलावा प्रदीप शर्मा, मोहम्मद शफीक आलम, रवीन्द्र कुमार सिंह, ज्ञानेंद्र शिशु, सेवी कुमार, कैलाश यादव, कन्हैया जी, चौधरी चरण सहनी, संजय चंद्रवंशी, मोहम्मद खिजीर हयात, शिव कुमार चौरसिया और धर्म भवानी सिंह समेत अन्य कांग्रेसजन भी मार्च में मौजूद रहे।
इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू हुआ संविधान रक्षा मार्च
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत हुई। इसमें बिहार के सभी 38 जिलों और 534 प्रखंडों से हजारों की संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च में शामिल लोगों के हाथों में कांग्रेस के झंडे और अलग-अलग संदेश लिखी तख्तियां थीं। यह मार्च आर ब्लॉक होते हुए शहीद स्मारक के पास पहुंचा। वहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और पार्टी की ओर से निर्धारित चार संकल्पों को दोहराया।
संविधान, मतदान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर को याद करते हुए मार्च में शामिल लोगों ने संविधान के प्रति अपनी आस्था और निष्ठा बनाए रखने की प्रतिज्ञा की।
इस दौरान चार प्रमुख संकल्प दोहराए गए।
1. संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा: भारतीय संविधान के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा रखते हुए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों का पालन करना।
2. मतदान के अधिकार की सुरक्षा: हर नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना और मतदाता सूची से अन्यायपूर्ण तरीके से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर प्रयास करना।
3. लोकतांत्रिक संस्थानों की मजबूती: लोकतांत्रिक संस्थानों को कमजोर करने की हर कोशिश का विरोध करना और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग करते रहना।
4. देश की एकता और अखंडता: धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर हर भारतीय के साथ खड़े रहना और देश की एकता की रक्षा करना।
15 दिसंबर तक जिला और प्रखंड स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च का आयोजन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा। 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिला और प्रखंड स्तर पर भी संविधान रक्षा मार्च निकाले जाएंगे।
इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता सभी बूथों पर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची से जुड़े जरूरी कार्यों को पूरा कराने के लिए अभियान चलाएंगे।
नेताओं ने कहा कि संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और देश की एकता को मजबूत बनाए रखने के लिए पार्टी कार्यकर्ता आगे भी सक्रिय रहेंगे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
