औरंगाबाद, बिहार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर औरंगाबाद शहर के मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान में शनिवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री सह औरंगाबाद की प्रभारी मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
झंडोत्तोलन से पहले प्रभारी मंत्री रमा निषाद, जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद स्कूली छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के बाद प्रभारी मंत्री ने तिरंगा फहराया।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों को किया नमन
झंडोत्तोलन के बाद गांधी मैदान से लोगों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी वीर सपूतों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए हाल के दिनों में शहीद हुए सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी।
अनुग्रह नारायण सिन्हा और शहीद जगतपति कुमार को श्रद्धांजलि
अपने संबोधन में मंत्री ने बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिन्हा और औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के खरांटी गांव निवासी 19 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी शहीद जगतपति कुमार को विशेष रूप से याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और उनके सपनों के अनुरूप देश और समाज के विकास के लिए काम करना चाहिए।
शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक विकास कार्यों का जिक्र
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में औरंगाबाद जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, बिजली, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कामों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाओं का संचालन
मंत्री ने बताया कि जिले में 2 नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास और 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा 14 मॉडल स्कूल चिन्हित किए गए हैं। मदनपुर और ओबरा प्रखंड में दो नए डिग्री कॉलेज भी शुरू किए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष में 270 हेक्टेयर वन भूमि पर 2 लाख 93 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इसके साथ ही सरकारी संस्थानों और आम नागरिकों के बीच 34,950 पौधों का वितरण किया गया है।
ग्रामीण विकास और आवास योजनाओं का भी उल्लेख
प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में स्वीकृत आवासों की जानकारी देते हुए बताया कि 25,524 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 16 हजार से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं।
स्वच्छ और सुंदर ग्राम पंचायतों के निर्माण के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 190 अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण किया गया है।
पंचायती राज व्यवस्था के तहत 200 ग्राम पंचायतों में 99 पंचायत सरकार भवन पूरे हो चुके हैं। वहीं सभी पंचायतों में निर्धारित 30,220 सोलर स्ट्रीट लाइट का शत-प्रतिशत अधिष्ठापन किया जा चुका है। पंचायतों में विवाह मंडप के निर्माण का काम भी कराया जा रहा है।
रोजगार और महिला सशक्तीकरण पर जोर
रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और बिहार लघु उद्यमी योजना के माध्यम से लोगों को लाभ दिया जा रहा है।
वहीं जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का काम किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
744 भूमिहीन परिवारों को मिली जमीन
भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा-02 के तहत जिले को 744 योग्य परिवारों का लक्ष्य मिला था। मंत्री के अनुसार, लक्ष्य के अनुरूप सभी 744 परिवारों को भूमि बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध करा दिया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंच से 11 भूमिहीन लाभुकों को भूमि बंदोबस्ती का पर्चा भी दिया गया। वहीं पूरे जिले में 200 से अधिक भूमिहीन परिवारों को भूमि पर्चा निर्गत या प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर काम
स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले में लगातार काम किए जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि जुलाई महीने में टेलीमेडिसिन सेवा के मामले में औरंगाबाद जिला राज्य में पहले स्थान पर रहा।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 5 लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई है। मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 28 बच्चों का नि:शुल्क हृदय ऑपरेशन कराया गया है।
जिले में 59 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र और एक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी खोले गए हैं।
लोगों की समस्याओं के समाधान पर भी जोर
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित ‘आपकी सरकार आपके द्वार-सहयोग शिविर’ में अब तक 13,580 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 13,166 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। इस तरह जिले में 97 प्रतिशत निष्पादन दर प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के लिए योजनाओं का जिक्र
अल्पसंख्यक कल्याण के तहत मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 767 छात्राओं को 15-15 हजार रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि दी गई है।
पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास और विभिन्न आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण के तहत इस वित्तीय वर्ष में अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत 238 पीड़ित व्यक्तियों के खातों में 1 करोड़ 60 लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई है।
सिंचाई और कृषि को लेकर भी बड़ी जानकारी
कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ कार्यक्रम के तहत 134 आहर, पईन और चेकडैम का निर्माण पूरा किया गया है। इससे 19,831 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलने की बात कही गई।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत भी 9 योजनाओं का काम पूरा किया गया है। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का काम जारी है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी
सामाजिक सुरक्षा के तहत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 3 लाख 5 हजार लाभुकों को अब 400 रुपये के स्थान पर 1,100 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के खातों में पहुंचाई जा रही है।
बिजली और सौर ऊर्जा पर भी काम
ऊर्जा और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 204 उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं 6,578 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए नि:शुल्क सोलर संयंत्र लगाने का काम चल रहा है।
मंत्री के अनुसार, 125 यूनिट तक पूर्ण अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। जिले के शहरी क्षेत्रों में 23 से 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
शहरी विकास और आधारभूत संरचना पर भी ध्यान
शहरी विकास के तहत 2 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से नया राम जानकी पार्क अमृत 2.0 योजना के तहत स्वीकृत किया गया है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 650 आवास पूरे हो चुके हैं, जबकि 222 आवास निर्माणाधीन हैं। वहीं 7 वार्डों के 3,781 घरों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की गई है।
खेल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देव में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। डीएफसीसीआईएल रेल लाइन के संरेखण के तहत अलग-अलग स्थानों पर रोड अंडर ब्रिज बनाने की कार्रवाई भी चल रही है।
करदाताओं का जताया आभार
समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री ने समय पर और ईमानदारी से कर का भुगतान करने वाले सभी करदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर और ईमानदारी से कर का भुगतान मजबूत राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिला राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
परेड में शामिल दलों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड में हिस्सा लेने वाले सशस्त्र बल, बिहार सैन्य पुलिस, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट एवं गाइड दल के नेतृत्वकर्ताओं को अनुशासित और जोशपूर्ण प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
‘भामाशाह सम्मान’ से कारोबारी सम्मानित
वाणिज्य कर विभाग की ओर से कर संग्रह में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गैर-कॉरपोरेट कारोबारियों को ‘भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया गया।
इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले क्रमशः अभिषेक ऑटो, श्री गोपाल सेल्स और न्यू कुमार हर्ष को नकद राशि और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन समर्थित राजद सांसद अभय कुमार सिन्हा, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा लोक शिकायत जयप्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मोहम्मद सादुल हसन खां, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती रत्ना प्रियदर्शनी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव और श्रीमती बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी, अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि और आम नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।
देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ समारोह
गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूरे समय देशभक्ति का माहौल बना रहा। तिरंगे को सलामी, राष्ट्रगान, परेड, शहीदों को श्रद्धांजलि और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वालों के सम्मान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समारोह के अंत में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन करते हुए औरंगाबाद जिले के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
