औरंगाबाद में 28 नवंबर को CPI(M) का धरना, जन समस्याओं को लेकर जिला कमेटी ने जारी किया पत्र

औरंगाबाद में 28 नवंबर 2026 को जन समस्याओं को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी का प्रस्तावित जिला स्तरीय धरना।
Share this News

औरंगाबाद (बिहार): भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की औरंगाबाद जिला कमेटी ने जिले में व्याप्त विभिन्न जन समस्याओं को लेकर 28 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय में धरना देने का एलान किया है। इस संबंध में जिला कमेटी की ओर से पत्र जारी कर आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है।

जिला कमेटी ने अपने पत्र में सरकारी योजनाओं में कथित लूट और जांच के नाम पर दोषी लोगों को बचाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं से मनमाने तरीके से बिजली बिल वसूलने और आए दिन महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के मुद्दे को भी उठाया गया है।

पार्टी ने केंद्र सरकार की बीबीजी ग्राम जी योजना को मनरेगा जैसी योजना समाप्त करने की साजिश बताया है। वहीं, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति में हुए कथित घोटाले के जिम्मेदार लोगों को बचाने तथा फर्जी तरीके से नियोजित शिक्षकों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया है।

जारी पत्र में नवीनगर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में कथित फर्जी प्रमाण पत्र और पहचान पत्र के आधार पर सिमी दहिया, पिता किशन दहिया (सुपरवाइजर) की नियुक्ति का मामला भी उठाया गया है। पार्टी ने इस नियुक्ति की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

इसके साथ ही औरंगाबाद मंडल कारा में बंदियों के साथ कथित अत्याचार और जेल प्रशासन पर इंस्पेक्टर राज स्थापित करने का आरोप लगाया गया है। पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्ट अधिकारियों, बिचौलियों और संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि जरूरतमंद लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं किया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठाए गए हैं।

किसानों की समस्याओं को लेकर भी जिला कमेटी ने आवाज उठाई है। पत्र में उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के तहत औरंगाबाद सदर सहित अन्य प्रखंडों में नहरों की उड़ाही कराकर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। वहीं, किसानों से अब तक पैक्स के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान की खरीद शुरू नहीं होने और पैक्स की मनमानी का मुद्दा भी उठाया गया है।

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी ने इन सभी जन समस्याओं को लेकर 28 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय में प्रस्तावित धरने को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी ने आम लोगों, किसानों, मजदूरों और प्रभावित वर्गों से बड़ी संख्या में औरंगाबाद पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *