पटना (31 अगस्त 2026) : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉक्टर सुरेश पासवान की पत्नी स्वर्गीय धनकली देवी की छठी पुण्यतिथि सोमवार को पटना स्थित उनके आवास पर सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सर्वधर्म प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय धनकली देवी के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और लोगों के प्रति उनके आत्मीय व्यवहार को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि धनकली देवी का लोगों से जुड़ाव बेहद आत्मीय था। उनके घर आने वाले हर व्यक्ति के साथ उनका स्नेह और अपनापन देखने को मिलता था। यही वजह है कि उनके निधन के वर्षों बाद भी उनके चाहने वाले उनके व्यवहार और सरल व्यक्तित्व को याद करते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि धनकली देवी का व्यक्तित्व केवल परिवार तक सीमित नहीं था, बल्कि सामाजिक रिश्तों को भी उन्होंने पूरी गर्मजोशी के साथ निभाया। उनके व्यवहार में अपनापन था, जिसे भूल पाना आज भी लोगों के लिए आसान नहीं है।
श्रद्धांजलि सभा में यह भी कहा गया कि पुण्यतिथि जैसे आयोजन परिवार और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाते हैं। आज के दौर में जहां कई लोग पारिवारिक रिश्तों और बुजुर्गों के प्रति अपने दायित्वों को नजरअंदाज कर दिखावे और आडंबर की तरफ बढ़ जाते हैं, वहीं ऐसे अवसर हमें अपने उन लोगों को याद करने का मौका देते हैं, जिन्होंने परिवार को संभालने और रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उपस्थित लोगों ने कहा कि माता-पिता परिवार की बुनियाद होते हैं और पत्नी जीवन की अर्धांगिनी के रूप में परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। स्वर्गीय धनकली देवी ने भी अपने परिवार और सामाजिक रिश्तों को पूरी आत्मीयता के साथ निभाया। उनकी छठी पुण्यतिथि पर सभी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनकी स्मृतियों को हमेशा संजोकर रखने का संकल्प व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा में उनके पुत्र मिथिलेश कुमार, कमलेश कुमार और दीपक कुमार, पुत्रियां कुसुम कुमारी एवं सुषमा कुमारी तथा पुत्रवधू सीमा कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
