बिहार प्रदेश, 12 अगस्त 2026: गयाजी जिले के कोंच प्रखंड के धनछुआ गांव स्थित मध्य विद्यालय में बारिश शुरू होते ही जलजमाव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो जाती है। विद्यालय परिसर के साथ-साथ स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते पर भी पानी जमा हो जाता है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को फिसलन भरे रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल-निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बरसात के मौसम में विद्यालय परिसर में यही स्थिति बन जाती है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कुमार ने बताया कि कीचड़ की वजह से बच्चों को काफी परेशानी होती है। खासकर छोटे बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।
जलजमाव के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी तो होती ही है, साथ ही उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से आसपास गंदगी बढ़ने लगती है और बीमारी का खतरा भी बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान होना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से विद्यालय परिसर में जल-निकासी के लिए नाली निर्माण कराने की मांग की है। इसके साथ ही स्कूल तक पहुंचने वाले संपर्क पथ पर मिट्टी भराई और जरूरत के मुताबिक अन्य निर्माण कार्य कराने की भी मांग की गई है, ताकि बारिश के दिनों में बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
