गया, 14 नवंबर 2026: देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती और बाल दिवस के मौके पर गया जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की।
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के तैलचित्र पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की। साथ ही बच्चों के बेहतर और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
बच्चों के बेहतर भविष्य का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चाचा नेहरू सिर्फ बच्चों से मोहब्बत करने वाले लोकप्रिय नेता ही नहीं थे, बल्कि वह एक ऐसे आधुनिक, प्रगतिशील और समावेशी भारत का सपना देखते थे, जहां हर बच्चे को तालीम, बराबरी, सम्मान और आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही आने वाले कल के भारत की बुनियाद हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचार और उनके आदर्श आज भी उतने ही अहम हैं। बच्चों के प्रति उनका लगाव, वैज्ञानिक सोच, लोकतांत्रिक नजरिया और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी हमें बेहतर समाज और मजबूत देश बनाने की राह दिखाती है।
उन्होंने कहा कि मुल्क की असली तरक्की तभी मुमकिन है, जब हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, पौष्टिक भोजन, महफूज माहौल और अपनी काबिलियत दिखाने का बराबर मौका मिले।
रजनीश कुमार झुन्ना ने बाल दिवस के मौके पर समाज और सरकार दोनों को आत्ममंथन करने की जरूरत बताई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आज देश के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिल पा रही है? क्या हर बच्चे को अपने ख्वाब पूरे करने का बराबर मौका हासिल है? उन्होंने कहा कि बाल मजदूरी, अशिक्षा, कुपोषण और बच्चों के साथ होने वाले भेदभाव को खत्म करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी बुनियादी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संकल्प है कि हर बच्चे के हाथ में किताब हो, उसे आगे बढ़ने का मौका मिले, हर बेटी को इज्जत और सुरक्षा मिले और किसी भी बच्चे का बचपन डर, भेदभाव और मजबूरियों के साये में न गुजरे।
कार्यक्रम के आखिर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशवासियों को बाल दिवस की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू के विचारों, वैज्ञानिक सोच, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी भारत के सपने को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस कार्यक्रम में रणजीत कश्यप, विजय कुमार मिठ्ठू, युगल किशोर सिंह, शौकत निशात उर्फ नवाब अली, राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, प्रदीप शर्मा, विद्या शर्मा, मदीना खातून, दामोदर गोस्वामी, शिवनाथ प्रसाद, मोहम्मद ताजुद्दीन, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राजीव कुमार सिंह, अर्जुन गुप्ता, मोहम्मद शमी, राजबीर, मुन्ना, याकूब, मुनाजिर, जावेद, राकेश, मोनू, सोनू और अंशु समेत बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम की जानकारी अशोक भारती ने दी।
चाचा नेहरू का सपना था—खुशहाल बचपन, शिक्षित समाज और सशक्त भारत। यही संकल्प आगे बढ़ाने का संदेश इस कार्यक्रम के जरिए दिया गया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
