गया में कांग्रेस का विरोध मार्च, पुलिस से हुई नोकझोंक
बिहार प्रदेश (28 सितंबर 2026)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर गया जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से सोमवार को राजेंद्र आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकालने का प्रयास किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताते हुए उनके पुतले के साथ मार्च निकालने की तैयारी की थी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पिछले करीब 10 महीनों के दौरान दो अन्य चुनाव आयुक्तों की ओर से विभिन्न मुद्दों पर कई बार आपत्ति दर्ज कराए जाने के बावजूद उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया गया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया।
पुलिस बल पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बैनर और पुतले के साथ राजेंद्र आश्रम से बाहर निकलने के दौरान स्थानीय सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पुलिस बल को गया के जिलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर भेजा गया था।
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक नोकझोंक की स्थिति बनी रही। इसके बाद राजेंद्र आश्रम कार्यालय के बाहर सड़क पर ही मुख्य चुनाव आयुक्त, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री का सामूहिक पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन के बाद विरोध प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन से सिविल लाइंस थाना ले जाया गया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, उन्हें कुछ समय तक थाने में रखने के बाद बॉन्ड पर हस्ताक्षर कराकर छोड़ दिया गया।
राहुल गांधी के अभियान का हवाला देकर कांग्रेस ने साधा निशाना
विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुंना ने की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपमहापौर मोहन श्रीवास्तव, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। नेताओं का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया का इस्तेमाल सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई, उनके कार्यकाल से जुड़े फैसलों की जांच और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।
जांच और कार्रवाई की मांग पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का चरणबद्ध आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनके कार्यकाल में लिए गए विवादित फैसलों की जांच की मांग पर उचित कदम नहीं उठाया जाता।
कार्यक्रम में युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, सैफुल इस्लाम, मोहम्मद नवाब अली, मोहम्मद ताज उद्दीन, रंजीत सिंह, अजय सिंह, अनिल पासवान, रवीन्द्र कुमार, रामाश्रय सिंह, डॉ. पिंकी कुमारी, मनीषा सिंह, साहिल गुप्ता और अर्जुन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
