कांग्रेस नेताओं ने सरकार से की मांग, भदेजा से गया इंजीनियरिंग कॉलेज और बोधगया से चाकन्द तक सड़क बनाने का प्रस्ताव; शहर को जाम से मुक्ति और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद
बिहार (23 नवंबर 2026)। बिहार के प्राचीन और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शहर गया जी में फल्गु नदी के दोनों किनारों पर मैरीन ड्राइव की तर्ज पर 200 फीट चौड़ी फोरलेन सड़क बनाने की मांग उठी है। इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू सहित कई कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से पहल करने की मांग की है।
प्रस्ताव के मुताबिक, फल्गु नदी के पूर्वी किनारे पर भदेजा से गया इंजीनियरिंग कॉलेज तक और पश्चिमी किनारे पर बोधगया से चाकन्द तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए। नेताओं का कहना है कि इस परियोजना से गया शहर को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और पर्यटन के लिहाज से भी कई नए रास्ते खुलेंगे।
फल्गु नदी के दोनों किनारों पर बने मैरीन ड्राइव जैसी सड़क
इस मांग को उठाने वालों में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, शिव कुमार चौरसिया, प्रद्युम्न दुबे, रूपेश चौधरी, बैजू प्रसाद, आनंद वर्धन और शंकर प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल हैं।
इन नेताओं ने कहा कि फल्गु नदी गया जी की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा है। इसे अंतःसलिला और गुप्त गंगा के नाम से भी जाना जाता है। नदी को अतिक्रमण से बचाने और इसके आसपास के इलाकों को बेहतर बनाने के लिए दोनों किनारों पर चौड़ी सड़क का निर्माण जरूरी है।
गया शहर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि फल्गु नदी के दोनों किनारों पर सड़क बनने से गया शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा। इससे शहर को लगातार लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है।
इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख घाटों के विस्तार और सौंदर्यीकरण का रास्ता भी साफ होगा। प्रस्तावित सड़क से चाकन्द, गया, बोधगया, भदेजा, मानपुर और गया इंजीनियरिंग कॉलेज तक आने-जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी। नेताओं के मुताबिक, दोनों किनारों पर करीब 25 से 30 किलोमीटर तक सड़क बनने से आवागमन अधिक आसान हो सकता है।
सोन नदी से फल्गु को जोड़ने की योजना का भी किया जिक्र
नेताओं ने फल्गु नदी में सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इसे सोन नदी से जोड़ने की योजना का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि फल्गु नदी के पश्चिमी किनारे पर बोधगया से चाकन्द तक मैरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क बनाने की घोषणा सरकार की ओर से की गई है।
ऐसे में नदी के पूर्वी किनारे को भी इस परियोजना से जोड़ना बेहद जरूरी है। केवल पश्चिमी किनारे पर सड़क बनाने से परियोजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। इसलिए भदेजा से गया इंजीनियरिंग कॉलेज तक पूर्वी किनारे पर भी समान रूप से सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए।
सरकार से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की है कि फल्गु नदी के दोनों किनारों पर प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना को जल्द अमली जामा पहनाया जाए। उनका कहना है कि इससे गया जी की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को मजबूती मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और शहरवासियों को यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।
नेताओं ने इस परियोजना को गया शहर के विकास और फल्गु नदी के संरक्षण के लिहाज से अहम बताते हुए सरकार से अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
