पटना/मुजफ्फरपुर: बिहार में कांग्रेस से जुड़ने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर के 25 युवाओं ने पटना स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन युवाओं ने शिक्षाविद् और सामाजिक रूप से सक्रिय नसीम अख्तर की अगुआई में कांग्रेस का हाथ थामा।
नसीम अख्तर मुजफ्फरपुर के फैज़ कॉलोनी, मालीघाट निवासी हैं और शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। ग्रामीण विकास में उच्च शिक्षा प्राप्त नसीम अख्तर लंबे समय से जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जाते हैं। शिक्षा से जुड़ी उनकी गतिविधियों के कारण इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

इस सदस्यता कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी फहद ज़मां की भी अहम भूमिका रही। युवा वर्ग के बीच उनकी सक्रियता बताई जाती है। पिछले कई वर्षों से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में जुड़े फहद ज़मां के नेतृत्व में विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों का आयोजन भी किया गया है।
सदाकत आश्रम में आयोजित सदस्यता और मुलाकात कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रदेश महासचिव राशिद चौधरी और राज्य सचिव दीनबंधु क्रांतिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर से आए युवाओं के कांग्रेस में शामिल होने को स्थानीय स्तर पर पार्टी के संगठन विस्तार की दिशा में एक अहम गतिविधि के तौर पर देखा जा रहा है। सदस्यता लेने वाले युवाओं ने पार्टी के साथ जुड़कर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
रिपोर्ट : ग़ज़नफर इकबाल.
