मुजफ्फरपुर: शहर के पक्की सराय अली मिर्जा रोड स्थित मुकररी मस्जिद, चंदवारा में शनिवार को किड्स केयर एवं मैटरनिटी सेंटर की ओर से मुफ्त स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श कैंप लगाया गया। यह केंद्र सुलताना बानो हेल्थ एंड एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट की इकाई है, जो स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा है।
कैंप का आयोजन वार्ड संख्या 44 की पार्षद अनीशुल फातमा के आवास पर किया गया। इस आयोजन में उनके पुत्र और समाजसेवी राजा भाई ने भी अहम भूमिका निभाई। स्थानीय स्तर पर लोगों को कैंप तक पहुंचाने और आयोजन की व्यवस्था में उन्होंने सहयोग किया।
कैंप के दौरान करीब 300 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याएं सुनीं और उन्हें जरूरी परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाओं का भी वितरण किया गया।

स्वास्थ्य कैंप में बच्चों और महिलाओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा सामान्य बीमारियों की जांच और परामर्श के लिए जनरल फिजिशियन भी मौजूद रहे, ताकि एक ही जगह पर परिवार के अलग-अलग सदस्यों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह मिल सके।
इस दौरान संस्था के संस्थापक सदस्य डॉ. शाहबाज आलम और निदेशक नसीम अख्तर भी मौजूद रहे। चिकित्सा टीम में चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. उमेश, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. के. सरिता और जनरल फिजिशियन डॉ. एराफ तनवीर ने मरीजों की जांच की।
अलग-अलग वार्डों में लगाए जाएंगे स्वास्थ्य कैंप
संस्था के निदेशक नसीम अख्तर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए शहर के अलग-अलग वार्डों में इसी तरह के मुफ्त कैंप आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए संस्था की टीम विभिन्न इलाकों का सर्वे कर रही है, ताकि ऐसे स्थानों का चयन किया जा सके जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की ज्यादा जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो मरीज पहले किसी कैंप में चिकित्सकीय परामर्श ले चुके हैं, वे आगे आयोजित होने वाले दूसरे कैंप में भी आ सकते हैं। इसका उद्देश्य मरीजों को नियमित रूप से डॉक्टर के संपर्क में रखना और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर लगातार निगरानी बनाए रखना है।
एक ही जगह जांच और इलाज की सुविधा देने की तैयारी
नसीम अख्तर के मुताबिक, ट्रस्ट के अस्पताल में मरीजों को कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अस्पताल में दवाओं के साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण, लैब और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि मरीजों को सामान्य जांच के लिए दूसरी जगह जाने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा सेवाओं के लिए डॉक्टरों की टीम भी तैयार की गई है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कम से कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। आर्थिक रूप से असमर्थ मरीजों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने की भी योजना है। इसके साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है।
नसीम अख्तर ने कहा कि मौजूदा दौर में केवल इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ संस्था स्वास्थ्य जांच कैंपों के जरिए लोगों तक चिकित्सा सलाह और जरूरी जानकारी पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
रिपोर्ट : ग़ज़नफर इकबाल.
