प्रकृति प्रहरी : विचारों से प्रयासों तक’ विषय पर टीचर्स ऑफ बिहार का फेसबुक लाइव संवाद आयोजित

Share this News

बिहार प्रदेश, 19 अगस्त 2026 : प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘प्रकृति प्रहरी’ के दूसरे संस्करण के अवसर पर विशेष फेसबुक लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘प्रकृति प्रहरी : विचारों से प्रयासों तक’ था, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, विद्यालयों की भूमिका और समाज की जिम्मेदारी पर सार्थक चर्चा हुई।

इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने ‘प्रकृति प्रहरी’ के दूसरे संस्करण के लिए शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि यह पत्रिका केवल एक प्रकाशन नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने का एक सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि “प्रकृति की रक्षा ही मानवता की सुरक्षा है।” उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

फेसबुक लाइव कार्यक्रम में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री महताब रहमानी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान), सीतामढ़ी श्री सुजीत कुमार दास ने प्रकृति प्रहरी अभियान के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों पर अपने विचार रखे।

श्री महताब रहमानी ने बच्चों और विद्यालय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलावों पर जोर दिया। उन्होंने बिजली बचत, पौधारोपण और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

वहीं, श्री सुजीत कुमार दास ने विद्यालयों में पोषण वाटिका के विकास को प्रकृति एवं बच्चों के जुड़ाव का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने ‘डिजिटल उपवास’ की अवधारणा के माध्यम से कुछ समय प्रकृति के साथ बिताने और प्राकृतिक परिवेश को समझने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ‘प्रकृति प्रहरी’ के संपादक श्री अभिषेक कुमार ने पत्रिका के उद्देश्य, स्वरूप और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान विचारों को व्यवहार में बदलने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत करने का प्रयास है।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री कुमार अभिषेक, संपादक श्री अभिषेक कुमार एवं सह-संपादक सुश्री प्रिया कुमारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सफलता में टीचर्स ऑफ बिहार की तकनीकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पत्रिका के डिजाइन एवं प्रकाशन में सह-संपादक श्री सिद्धांत जी एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं अभियान को दिशा देने में टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर श्री शिव कुमार, टेक्निकल टीम लीडर श्री शिवेंद्र प्रकाश सुमन एवं इवेंट लीडर श्री केशव कुमार का मार्गदर्शन सराहनीय रहा।

टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता श्री रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक श्री मृत्युंजय कुमार ने बताया कि ‘प्रकृति प्रहरी’ का उद्देश्य जल संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति समाज में सकारात्मक चेतना विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव की नींव रखी जा सकती है।

‘प्रकृति प्रहरी’ का संकल्प है— विचारों को प्रयासों में और प्रयासों को जन-आंदोलन में बदलना।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *