शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज का निकाह, रिसेप्शन में सत्ता पक्ष-विपक्ष के दिग्गजों की शिरकत

Share this News

भागलपुर/नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन का निकाह हरियाणा के कांग्रेस विधायक चौधरी अकरम खान की बेटी अफशां खान के साथ नई दिल्ली में संपन्न हुआ। निकाह के बाद सोमवार को आयोजित रिसेप्शन में सियासत और समाज की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। मेहमानों ने नवदंपति को मुबारकबाद पेश की और उनकी खुशहाल जिंदगी के लिए दुआएं कीं।

समारोह की खास बात यह रही कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज एक साथ नजर आए। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत कई प्रमुख हस्तियां इस मौके पर मौजूद रहीं। केंद्र सरकार के मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों, सांसदों, फिल्मी हस्तियों, मशहूर गायकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की।

भागलपुर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने पेश किए खास तोहफे

शाहनवाज हुसैन का भागलपुर से पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। वह यहां से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। इसी जुड़ाव के मद्देनजर भागलपुर से भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सियासी दलों के प्रतिनिधियों का एक दल दिल्ली पहुंचा। उन्होंने नवदंपति को मुबारकबाद दी और शाहनवाज हुसैन व उनके खानदान के प्रति अपना अपनापन जाहिर किया।

इस मौके पर दुल्हन अफशां खान को भागलपुर की मशहूर तसर सिल्क साड़ी तोहफे में पेश की गई। इसके अलावा अंग क्षेत्र की पहचान से जुड़ी मंजूषा पेंटिंग और पारंपरिक रेशमी अंगवस्त्र भेंट किए गए। अरबाज हुसैन को भी मंजूषा कला से सजा अंगवस्त्र पेश कर उनकी नई जिंदगी के लिए नेक ख्वाहिशात जाहिर की गईं।

इस दौरान भागलपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष संतोष साह, जिला महामंत्री नीतेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता और आलोक बंटू के अलावा प्रमोद प्रभात, अजय चौधरी, दीपक वर्मा, डॉ. मृणाल शेखर, बिपिन शर्मा और रमण कर्ण समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद निशिकांत दुबे ने भी दी मुबारकबाद

झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे भी रिसेप्शन में शरीक हुए। उन्होंने अरबाज हुसैन और अफशां खान को निकाह की मुबारकबाद दी और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन व उनके अहल-ए-खानदान से मुलाकात की। वह काफी देर तक समारोह में मौजूद रहे और मेहमानों से बातचीत की।

मेहमानों की खातिरदारी के खास इंतजाम

रिसेप्शन में मेहमानों की खातिरदारी के लिए खास इंतजाम किए गए थे। दावत में शाकाहारी और मांसाहारी, दोनों तरह के पकवान पेश किए गए। समारोह में सियासी मेल-मिलाप के साथ भागलपुर की कला और पुरानी रवायतों की झलक भी देखने को मिली।

रिपोर्ट : इस्मा टाइम्स न्यूज़ डेस्क.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *