टिकारी, बिहार: गया जिले के टिकारी प्रखंड अंतर्गत पलुहड़ पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हुई मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। मतगणना पूरी होने के बाद गणेश प्रसाद को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश कुमार को 23 मतों से हराया।
मतगणना के दौरान गणेश प्रसाद को कुल 254 वोट मिले, जबकि राजेश कुमार के पक्ष में 231 मत पड़े। इसके अलावा 44 मत रद्द घोषित किए गए।
निर्वाचन पदाधिकारी ने सौंपा जीत का प्रमाण पत्र
मतगणना का परिणाम घोषित होने के बाद टिकारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने गणेश प्रसाद को जीत की बधाई दी। इसके बाद उन्हें निर्वाचन संबंधी प्रमाण पत्र सौंपा गया।
परिणाम सामने आने के बाद गणेश प्रसाद के समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा जीत का जश्न मनाया।
गणेश प्रसाद ने जनता को दिया जीत का श्रेय
जीत के बाद मीडिया से बातचीत में गणेश प्रसाद ने कहा कि यह सफलता उनके समर्थकों की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने अपनी जीत को जनता की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें योग्य समझते हुए अपना समर्थन दिया, जिसके लिए वह सभी मतदाताओं के दिल से आभारी हैं। गणेश प्रसाद ने कहा कि जनता के भरोसे को वह पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
मतगणना स्थल और आसपास के इलाके में परिणाम को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
